गोरखपुर : विस चुनाव में आदर्श चुनाव आचार संहिता का कैसे उल्लंघन हो रहा है इसके दो उदाहरण हैं. बस्ती में एक प्रत्याशी ने वोट के बदले नोट बांटा है तो देवरिया में एक लोकप्रिय प्रत्याशी को चुनाव से हटाने के लिए गोली मार दी गयी. बस्ती में वोट के बदल नोट बंट रहा है। हरैया और कप्तानगंज विधानसभा में तो जितने वोट उतने नोट की गड्डी मैनेजरों के हाथ बांटी जा रही है। इस काम को अंजाम देने में ‘प्रोफेशनल’ मैनेजर जुटे हैं। दोनों विधानसभा में मतदाताओं के बीच खुलकर नोट ‘उड़ाए’ गए। इसकी सूचना जिला प्रशासन सहित प्रेक्षक को दी गई लेकिन, प्रशासनिक अमला की कौन कहे, एक सिपाही तक मौके पर नहीं पहुंचा।
रुपये बांटने में मशगूल समर्थक भूल गए कि इस कृत्य की फुटेज बनाई जा रही है। करीब एक घंटे तक ‘गांधी’ के नाम पर वोट के ‘खरीदार’ अगले वोटर को मैनेज करने में जुट गए। चार मिनट की अलग-अलग फुटेज में नोट लेते-देते और बातचीत स्पष्ट नजर आ रहा है। रुपये बांटने की घटना बुधवार की सुबह करीब 10.14 की है। हरैया में एक मकान के पास भारी संख्या में लोग खड़े थे। वहीं मेन सड़क पर एक गाड़ी आकर रुकी। उसमें से दो से तीन लोग उतरे। सभी लोग मकान के बाहर गए। वहां टोपी और जैकेट पहने प्रत्याशी के मैनेजर रुपये गिनकर एक-एक व्यक्ति को पकड़ा रहे हैं। फिर एक पर्ची में कुछ लिखकर वोटर को दिया गया। रुपये लेने वाले एक व्यक्ति ने 2650 रुपये खर्च के रूप में मांग की। उतनी धनराशि उसे दी गई और फिर वह सड़क पर आया और गाड़ी में सवार होकर बभनान रोड की ओर निकल गया। सुबह 10.15 बजे से शुरू हुआ यह सिलसिला दोपहर सवा 12 बजे तक चलता रहा।
इसी बीच वहीं के एक जागरूक व्यक्ति ने अपने मोबाइल से हरैया के प्रेक्षक पीएम अली असगर पाशा के मोबाइल नंबर 8004139272 पर नोट बांटने की सूचना दी। प्रेक्षक ने कहा कि अभी वह मौके पर टीम भेज रहे हैं। काफी देर बीतने के बाद कोई नहीं आया तो एक अन्य व्यक्ति ने स्थानीय स्टेटिक मजिस्ट्रेट को फोन पर पैसा बांटने की जानकारी दी। उन्होंने भी टीम भेजने की बात कही। मगर कोई नहीं पहुंचा। तब तक वोट के सौदागर अगले गांव में प्रचार-प्रसार के लिए निकल चुके थे। वहीं इस संबंध में पूछे जाने पर हरैया के प्रेक्षक पीएम अली असगर पाशा ने कहा कि वह पता लगवा रहे हैं कि कौन सी पार्टी के समर्थक वोट के बदले नोट बांट रहे हैं। ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बस्ती के पत्रकार पुस्कर पांडे जो अमर उजाला से जुड़े है, उन्होने नोट बाँटने की फुटेज भी तैयार कर ली है. अमर उजाला ने इसे पहले पन्ने पर छापा भी है.






