देवरिया । जदयू अध्यक्ष शरद यादव ने एक जनसभा के बाद पत्रकारों के प्रश्न पूछने पर जमकर मीडिया के खिलाफ अपनी भड़ास निकाली। उन्होंने मीडिया के बड़े घरानों पर आरोप लगाया कि वे दिल्ली में बैठकर बड़ी राजनीतिक पार्टियों से रुपयों के पैकैट लेकर समाचारों को मैनेज कर लेते हैं। देवरिया जिला मुख्यालय से करीब 16 किमी दूर गौरीबाजार स्थित देवगांव इण्टर कालेज के मैदान में उन्होंने गुरुवार को देवरिया सदर विधान सभा से चुनाव लड़ रहे भारतीय जनता पार्टी के बागी विजय प्रताप मणि उर्फ डब्लू मणि, जो अब जदयू के प्रत्याशी हैं, के समर्थन में जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि पांच वर्ष पूर्व बिहार की हालत अत्यन्त खराब थी तथा वहां पर कुम्भकर्ण जैसे लोग थे, लेकिन जब वहां जद यू की सरकार बनी तो मात्र चार माह में कानून का राज कायम हो गया तथा वहां शान्ति तथा खुशहाली स्थापित हो गई।
उन्होंने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में सत्ता मिली तो मात्र छह महीने में हम यहां भी बिहार राज्य की तरह अमन चैन स्थापित कर देंगे तथा उत्तर प्रदेश की तस्वीर इस तरह से बदल देंगे कि सभी प्रश्नों का उत्तर यहां की तरक्की बयां करेगी। जनता दल युनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव का कहना है कि देश में कांग्रेस ने 45 वर्षों तक शासन किया और अपने ही कार्यकाल में देश में 1622 दंगे कराए लेकिन आज तक उन दंगाइयों को सजा तक नहीं दी जा सकी। जो कांग्रेस पार्टी की बहुत बड़ी विफलता है। जब चुनाव होता है नेहरू खानखान के लोग प्रदेश व देश को बदलने की बात करते हैं और कई तरह के वादे भी करते है, लेकिन जब चुनाव खत्म हो जाता है तो ये लोग सब कुछ भूल जाते है।
सभा के बाद अपनी हेलीकाप्टर की तरफ जा रहे श्री यादव ने पत्रकारों के पूछने पर पहले तो मीडिया के प्रति काफी नाराजगी जताई, लेकिन बाद में खुद को संयत करते हुए कहा कि बड़े मीडिया समूह के मालिक ही बड़े-बड़े राजनीतिक पार्टियों से नोटों के पैकेट लेकर समाचारों को मैनेज करने में लगे हुए है। ऐसे में निष्पक्ष पत्रकारिता की उम्मीद करना बेमानी है। श्री यादव ने पत्रकारों से कहा कि टू जी घोटाले में लिप्त पी चिदम्बरम को या तो स्वयं त्याग पत्र दे देना चाहिए या खुद प्रधानमंत्री को अपने मंत्रिमण्डल से उन्हें हटा देना चाहिए।
देवरिया से ओपी श्रीवास्तव की रिपोर्ट.






