पटियाला : 30 जनवरी को विधानसभा चुनाव के दिन नाभा में महिला पत्रकार हरविंदर कौर नौहरा से मारपीट के मामले को लेकर शुक्रवार को अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य दलीप सिंह पांधी नाभा के सिविल अस्पताल पहुंचे और उपचाराधीन महिला पत्रकार से मुलाकात की। महिला पत्रकार का हालचाल पूछने के बाद पांधी ने उनका और उपचार कर रहे डाक्टर के बयान दर्ज किए। उन्होंने हरविंदर से पूरे घटनाक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। पांधी ने बताया कि वह इस मामले की रिपोर्ट तैयार कर पंजाब राज अनुसूचित आयोग के चेयरमैन को कार्रवाई के लिए भेजेंगे।
गौरतलब है कि पंजाब में मतदान के दिन एक कांग्रेसी कार्यकर्ता तथा उसके पुत्र ने अपने समर्थकों के साथ हरविंदर के साथ मारपीट की थी, जिसमें वे बुरी तरह घायल हो गई थीं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने इस संबंध में मामला भी दर्ज कर लिया है।





