काशीपुर : शिक्षा का मंदिर शुक्रवार को जंग के मैदान में बदल गया। विद्यालय में छात्रा को कड़ी सजा देने की शिकायत लेकर गए पिता के साथ मारपीट की गई। घटना का कवरेज करने गए छह पत्रकारों को भी जमकर पीटा गया, इनमें एक पत्रकार की हालत गंभीर है। छात्रा के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने घटना में प्रधानाचार्या समेत 12 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पत्रकारों ने भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला अल्ली खां निवासी माजिद अली की पुत्री सैयद रख्छी बड़े गुरुद्वारा के पास गुरुनानक इंटर कालेज में 11वीं की छात्रा है। विद्यालय में इस समय अर्द्धवार्षिक परीक्षा चल रही है। छात्रा सुबह स्कूल गई थी। एक बजे से उसकी परीक्षा थी। क्लास खाली होने की वजह से वह सहेली के साथ बाहर निकल गई। उसी बीच उसे बाहर परिसर में घूमते प्रधानाचार्या सुरुचि सक्सेना ने देख लिया। उन्होंने सजा के तौर पर छात्रा को साढ़े तीन घंटे तक बाहर खड़ा रखा। इस दौरान परीक्षा समय भी आधा घंटा बीत गया। लिखित माफीनामा के बाद उसे परीक्षा देने की इजाजत दी गई।
छात्रा ने घर आकर इसकी जानकारी पिता को दी। पिता जब इसकी शिकायत लेकर स्कूल पहुंचे तो उनके साथ भी अभद्रता की गई। सूचना के बाद मीडियाकर्मी भी स्कूल पहुंच गए। मीडियाकर्मियों को देखकर प्रधानाचार्या नाराज हो गईं। बाहर से बुलाए गए अराजक तत्व मीडियाकर्मियों तथा छात्रा के पिता पर टूट पड़े और जमकर मारा-पीटा। लात-जूतों और कुर्सियों से पीटा गया। पिटाई से मोहम्मद रफी, एफयू खान, मोहम्मद अफजाल, अमीन खान समेत तीन और मीडियाकर्मी घायल हुए। हमलावरों कुछ के कैमरे तोड़ दिए तो कुछ का कैमरा छीन लिया। सूचना मिलने पर पुलिस के साथ अन्य मीडियाकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस के सामने भी हौसलाबुलंद हमलावरों ने अन्य मीडियाकर्मियों के साथ अभद्रता की तथा पिटाई की धमकी दी। मामला बढ़ता देख पुलिस ने स्थिति संभाला। घायल मीडियाकर्मी का उपचार कराया गया। छात्रा के पिता माजिद अली की तहरीर पर पुलिस ने प्रधानाचार्या समेत 12 लोगों के खिलाफ मारपीट, लूट, छिनैती की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।





