बात पुरानी है लेकिन चुनाव के इन दिनों में फिर से चर्चा में है. इसलिए कि समाजवादी पार्टी भी कैसे कैसों को टिकट दे दे रही है. खासकर तब जब अखिलेश जैसे सपा के महत्वपूर्ण नेता डीपी यादव जैसों को इसलिए टिकट देने से मना कर दिया क्योंकि उनका अतीत दागदार रहा है. लेकिन राजेंद्र सिंह राणा को टिकट मिल गया. वेस्ट यूपी के देवबंद सीट से राणा सपा का टिकट पाने में कामयाब रहे. उस राणा को जिसके कारनामे टीवी और अखबार में चल छप चुके हैं. ऐसा कारनामा जिसे देख सुनकर आपको शर्म आ जाएगी. बताने कहने के लिए सिर्फ एक वीडियो पर्याप्त है. यह वीडियो जी न्यूज पर राणा साहब के बारे में प्रसारित खबर की एक क्लीपिंग है.
यूपी के पूर्व मंत्री हैं राजेंद्र सिंह राणा. सपा के टिकट से फिर विधायकी के लिए मैदान में हैं. एक दफे की बात है जब ये ''फ्रेश माल'' की चाहत में खूब भटके और फंसे. ये महोदय 'माल' की तलाश में पहुंच गए दिल्ली के होटल सम्राट. इनको 'माल' बिल्कुल फ्रेश और कॉलेज की चाहिए. पूर्व मंत्री जी के इस 'माल' का मतलब है कमसिन लड़की. इसी माल की तलाश में ये होटल सम्राट पहुंच गए, पर उनकी किस्मत खराब थी कि इनका पाला मिड डे के पत्रकारों से पड़ गया और इनकी पोल खुल गई. ये एक्सपोज हो गए.
सम्राट होटल में मिड डे के पत्रकारों की पार्टी चल रही थी, इसी दौरान विधायक एवं पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह राणा होटल पहुंचे तथा अंदर घुसने के लिए शोर मचाने लगे. सुरक्षा गार्डों के साथ वे किसी तरह अंदर घुसे तथा वहां 'माल' की मांग करने लगे. जब मिड डे के पत्रकारों को इनके 'माल' की जानकारी हुई तो वे सजग हो गए. इन लोगों ने विधायक जी की 'माल' को सबके सामने लाने की ठानी. लोगों ने इनसे फोन पर भी बात की, जिसमें पूर्व मंत्री महोदय ने बिंदास होकर 'माल' की डिमांड की. उन्होंने फ्रेस और कॉलेज गर्ल की मांग की.
विधायक जी को मिड डे के पत्रकारों मनोज एवं वितुषा के बैकग्राउंड की जानकारी नहीं होने के चलते इनसे बिन्दास तरीके से अपने 'माल' की मांग के बारे में बताया. दोनों लोगों ने फोन पर विधायक जी से हुई बात को रिकार्ड कर लिया. अखबार ने इस खबर को प्रमुखता से छापा और इसको जी न्यूज ने भी दिखाया. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि विधायक जी महिला कल्याण विभाग के मंत्री रहे हैं. नीचे है जी न्यूज पर प्रसारित खबर. यूआरएल लिंक या तस्वीर पर क्लिक करके देखिए विधायक जी की 'माल' की चाहत और मीडिया द्वारा की गई उनकी फजीहत. सोचिए, महिला कल्याण मंत्री रह चुके राजेंद्र सिंह राणा जब चुनाव जीतेंगे तो सपा शासनकाल में और क्या क्या गुल खिलाएंगे!
मेरठ से एक पत्रकार द्वारा भेजे गए पत्र व वीडियो पर आधारित.






