नई दिल्ली : रिलायंस ब्रॉडकास्ट नेटवर्क (आरबीएनएल) अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार की योजना के तहत शुरुआत में सार्क क्षेत्र में विस्तार पर ध्यान केंद्रित कर रही है। यहां वह अमेरिकी सीबीएस स्टूडियोज के साथ अपने संयुक्त उद्यम के जरिए तीन चैनलों का प्रसारण शुरू करेगी। यह संयुक्त उद्यम बिग सीबीएस नेटवर्क्स पहले ही श्रीलंका में कदम रख चुका है जहां तीन चैनल बिग सीबीएस प्राइम, बिग सीबीएस लव और बिग सीबीएस स्पार्क लांच किए गए हैं।
बिग सीबीएस नेटवर्क्स के कारोबार प्रमुख विशाल रैली ने कहा कि हम पूरे सार्क क्षेत्र में सभी प्लेटफार्म लांच करने के लिए समझौता करने के करीब हैं। इनमें नेपाल, बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, पाकिस्तान और अफगानिस्तान शामिल हैं। श्रीलंका में तीन चैनलों का वितरण वहां के सबसे बड़े केबल ऑपरेटर लंका ब्रॉडकास्ट नेटवर्क द्वारा किया जा रहा है। रैली ने कहा कि बिग सीबीएस चैनलों को एक फिक्स्ड लाइसेंस शुल्क मॉडल पर लांच किया जाएगा जिससे बाजार से नियमित आय की प्राप्ति सुनिश्चित हो सकेगी।





