बिहार के खगड़िया जिले में एक स्थानीय पत्रकार के साथ मारपीट के तेरह साल पुराने मामले में यहां की निचली अदालत के आदेश पर सोमवार को एक एएसआई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। खगड़िया के प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी जेपी किस्कू के आदेश पर एएसआई पीएन सिन्हा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। सिन्हा अभी मुंगेर जिले के तारापुर थाना में नियुक्त हैं।
खगड़िया के पत्रकार सिकन्दर आजाद बख्त ने 25 फरवरी 1998 में मानसी थाना में पदस्थापित सिन्हा के खिलाफ मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष परिवाद पत्र संख्या 268 सी -98 दर्ज कराया था। उन्होंने एएसआई पर मारपीट करने का आरोप लगाया था। इस मामले में कोर्ट द्वारा बार-बार नोटिस के बावजूद एएसआई पेश नहीं हो रहे थे। इसके बाद अदालत ने 2002 में सिन्हा को फरार घोषित कर दिया था। वह सोमवार को इस मामले में जमानत लेने प्रथम श्रेणी न्यायायिक दंडाधिकारी के समक्ष पहुंचे थे, लेकिन अदालत के आदेश पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।





