: ताकत के साथ मीडिया की जिम्मेदारी बढ़ी – शिवराज : पंजाब के गवर्नर और चंडीगढ़ के प्रशासक शिवराज पाटिल ने कहा है कि ताकत बढ़ने के साथ मीडिया की जिम्मेदारी भी बढ़ी है। अखबारों को इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाना चाहिए। श्री पाटिल सोमवार शाम अमर उजाला चंडीगढ़ केंद्र के सेक्टर-9 डी स्थित नए रीजनल आफिस के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे। इससे पहले उन्होंने मंत्रोच्चार के बीच नारियल तोड़ और फीता काटकर नए आफिस में रीजन के विशिष्टजनों के साथ प्रवेश किया।
इसके बाद अमर उजाला के पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और चंडीगढ़ रीजन के अब तक के सफर और सुनहरी प्रस्तुतियों से सजाई गई विशिष्ट प्रदर्शनी का भी गवर्नर ने अवलोकन किया। उनके साथ हरियाणा के उद्योग मंत्री रणदीप सुरजेवाला, शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल, हरियाणा के लोकायुक्त जस्टिस (सेवानिवृत्त) प्रीतम पाल, पीयू के वाइस चांसलर आरसी सोबती, रॉक गार्डन के निर्माता नेक चंद, अंबाला रेल मंडल के सीनियर डिवीजनल कामर्शियल मैनेजर जीएम सिंह समेत पंजाब-हरियाणा और चंडीगढ़ के वरिष्ठ अफसर मौजूद रहे। सभी ने अमर उजाला परिवार को शुभकामना देने के साथ खबरों को देने में अखबार की निष्पक्षता का बार-बार उल्लेख किया। साभार : अमर उजाला





