नडाला से खबर है कि एक धरने-प्रदर्शन को कवर करने गए मीडियाकर्मियों पर भी पुलिस ने लाठियां चटकाईं. उनसे दुर्व्यवहार किया गया तथा एक पत्रकार का कैमरा छीन लिया गया. इससे पत्रकारों में रोष है. खबर के अनुसार जगतमीत इंडस्ट्रीज हमीरा के पांच हजार से ज्यादा कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर दो दिन से धरनारत थे. प्रबंधक एवं कर्मचारी नेताओं में समझौता नहीं हो पाया, जिससे कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू कर दी. प्रबंधकों ने पुलिस को बुला लिया.
मामले की सूचना मिलने पर कई पत्रकार भी घटना स्थल पर पहुंचे तथा कवरेज करने लगे. पुलिस द्वारा ए.एस.पी. भुलत्थ राहुल कुमार व एस.पी. कपूरथला सुरेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में बिना किसी चेतावनी के इंडस्ट्री के गेट आगे सड़क पर धरने पर बैठे कर्मचारियों पर लाठीचार्ज शुरू कर दिया गया. गुस्साए कर्मचारियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया. पुलिस ने स्थिति बिगड़ती देख हवाई फायरिंग शुरू कर दी तथा लाठीचार्ज शुरू कर दिया. इसमें पत्रकारों को भी नहीं बख्शा गया. कवरेज कर रहे पत्रकारों पर भी पुलिसवालों ने जानबूझकर लाठियां चटकाईं. खासकर इलेक्ट्रानिक मीडिया के पत्रकारों के साथ सबसे ज्यादा दुर्व्यवहार किया गया. पुलिस ने एक पंजाबी अखबार के पत्रकार का कैमरा भी छीन लिया. अन्य पत्रकारों ने भागकर अपनी जान बचाई. इस घटना के बाद से पत्रकारों में नाराजगी है.





