तेहरान : बीबीसी की फारसी सेवा के लिए गोपनीय तरीके से काम कर रहे कई स्थानीय लोगों को ईरान में गिरफ्तार कर लिया गया है। यह जानकारी समाचार एजेंसी मेहर ने जारी की है। एक सूत्र के अनुसार,ऐसे कई लोगों को सुरक्षा बलों ने गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें बीबीसी के लिए ईरान में खबरें और सूचनाएं जुटाने के लिए कहा गया था। सूत्र ने कहा है कि गिरफ्तार लोगों को बीबीसी से बड़ी मात्रा में धनराशि प्राप्त हुई थी। हालांकि गिरफ्तार लोगों की सही संख्या के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, ईरानी खुफिया बलों ने नवम्बर 2011 में हसन फाथी नामक स्थानीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। यह व्यक्ति लम्बे समय से बीबीसी के लिए काम कर रहा था। इस पर देश के बारे में झूठ फैलाने और ईरानी जनता के विचारों के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश करने का आरोप था। ज्ञात हो कि ईरानी खुफिया मंत्रालय ने पहले ही ईरानी नागरिकों को बीबीसी के साथ काम न करने की चेतावनी दे दी थी। (एजेंसी)





