: रामेंद्र सिन्हा भागलपुर से पटना भेजे गए : हिंदुस्तान से बड़ी खबर आ रही है. चार संपादक इधर-उधर किए गए हैं. भड़ास ने पहले ही सूचना दी थी कि दिनेश पाठक का अगले स्टेशन का टिकट कट गया है और गिरीश गुरनानी देहरादून के नए संपादक बनाए जाने वाले हैं. अब खबर बिल्कुल पुष्ट हो गई है कि गिरीश देहरादून में हिंदुस्तान के संपादक होंगे. दिनेश पाठक को हिंदुस्तान, कानपुर का संपादक बनाकर भेज दिया गया है. अब वे कानपुर को मजबूती देने का काम करेंगे.
अब तक कानपुर में संपादक की भूमिका निभा रहे विशेश्वर कुमार को भागलपुर भेजा जा रहा है. विशेश्वर कुमार के आने के बाद कानपुर यूनिट पूरी तरह से विवादित रहा तथा कंटेंट तथा सर्कुलेशन के मामले में भी अखबार पिछड़ गया था. पिछले दिनों फर्रुखाबाद में हिंदुस्तान के कार्यालय पर हमला हुआ. इटावा में अखबार की दुगर्ति हुई. अन्य जिलों में भी अखबार को झटका लगता जा रहा था. माना जा रहा है कि इसके चलते ही प्रबंधन ने विशेश्वर कुमार को भागलपुर भेजने का निर्णय लिया है. भागलपुर में विनोद बंधु के बाद से रामेंद्र सिन्हा को संपादकीय प्रभारी बनाया गया था. रामेंद्र सिन्हा को अब भागलपुर से पटना बुला लिया गया है.





