क्विटो। इक्वाडोर में एक विवादास्पद कानून अस्तित्व में आया है जो मीडिया को ऐसी खबरें प्रसारित और प्रकाशित करने से रोकेगा जिन्हें सरकारी अधिकारी किसी खास उम्मीदवार या विचारधारा के पक्ष में मानते हैं। इक्वाडोर में 2013 में राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होने हैं। वामपंथी राष्ट्रपति राफेल कोरीया फिर से देश के शीर्ष पद पर आरूढ़ होने के लिए चुनावी समर में उतर सकते हैं। राफेल सार्वजनिक तौर पर मीडिया से भिड़ते रहे हैं और आलोचकों का आरोप है कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति ह्यूगो शावेज के करीबी माने जाने वाले इस वामपंथी अर्थशास्त्री ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को कम किया है।
इस नए कानून में यह नहीं कहा गया है कि इसका उल्लंघन करने वालों से असल में क्या सलूक किया जाएगा, लेकिन चुनावी अदालत को इसे नहीं मानने वालों पर जुर्माना लगाने का अधिकार होगा। पत्रकार संगठनों ने सरकार के इस कदम की निंदा की है और इसे उनकी आवाज दबाने की कोशिश तथा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के विरुद्ध बताया है। एजेंसी






