प्रसार भारती के डीडी वन चैनल का कार्यालय आज घमासान का मैदान बन गया. दूरदर्शन के सैकड़ों कर्मचारियों ने निकाले जाने के विरोध में एडमिनिस्ट्रटिव ऑफिसर को धुन दिया. बाद में मामला किसी तरह सलटाया गया. अभी हालांकि एओ ने कोई कानूनी प्रकिया नहीं अपनाई है, पर तनाव का माहौल बना हुआ है. बताया जा रहा है कि डीडी वन के एक सौ से ज्यादा कर्मचारियों को कांट्रैक्ट खतम कर दिया गया है. यह निर्णय एओ ने लिया था, इसी से डीडी वन के कर्मचारी नाराज थे.
बताया जा रहा है कि डीडी वन में एक सौ सात के आसपास कर्मचारी कांट्रैक्ट बेसिस पर कार्यरत थे, जिनमें से ज्यादातर टेक्निकल से जुड़े हुए हैं. पिछले दिनों इनके कांट्रैक्ट खतम हो गए थे, जिस पर डीडीजी जेनखानी ने आदेश दिया था कि जब तक कोई निर्णय नहीं हो जाता इन सभी को कांटीन्यू किया जाए. पर एओ मिस्टर ओबराय ने इन सभी लोगों का कांट्रैक्ट खतम कर दिया तथा इनलोगों को बताया कि उनके पास कांटीन्यू करने का कोई आदेश नहीं आया है. इसी से सारे कर्मचारी नाराज हो गए. विवाद बढ़ने लगा. इसके बाद जब दोनों पक्षों में गरमा-गरमी बढ़ी तो कर्मचारियों ने एओ पर हाथ छोड़ दिया. बताया जा रहा है कि उन्हें अच्छी मार पड़ गई है. हालांकि यह पुष्ट नहीं हो पाया है कि उन्होंने इसके खिलाफ मामला दर्ज कराया है या नहीं.





