नवांशहर : बलाचौर शहर में चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए है कि अब उन्होंने दिनदहाड़े चोरी की वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया है। उनके मन में पुलिस को लेकर कोई खौफ नहीं रह गया है। बुधवार दोपहर को दिनदहाड़े पुलिस को चुनौती देते हुए चोरों ने बलाचौर के वार्ड नंबर दो स्थित टीचर कालोनी में एक दैनिक अखबार के पत्रकार के घर को निशाना बनाया तथा वहां से 35 हजार रुपये की नकदी व सोने के आभूषण चोरी कर लिए। मामले की जानकारी घर वालों के वापस लौटने पर हुई।
भुक्तभोगी पत्रकार सुशील पांडे ने बताया बुधवार दोपहर को 12 बजे के करीब उनकी मां राज किशोरी पांडे व उनकी पत्नी दवाई लेने के लिए पास के एक डाक्टर के यहां गई थीं। जब दोनों लोग दवाई लेकर आधे घंटे बाद वापस लौटीं तो घर का मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। इसके बाद जैसे ही वह घर के भीतर दाखिल हुई तो अंदर कमरों के ताले भी टूटे हुए थे। कमरे के अंदर अलमारियों के ताले भी चोरों ने तोड़ डाले थे। सारा सामान बिखरा पड़ा था। सुशील पांडे ने बताया कि घर की अलमारी में से चोर 35 हजार रुपये की नकदी, सोने के दो टॉप्स, दो बालियां व एक सोने की चैन चुरा कर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही चोर पकड़ लिए जाएंगे।





