संयुक्त राष्ट्र। तालिबानी आतंकवादियों के हाथों हाल में एक पाकिस्तानी पत्रकार की हत्या की निंदा करते हुए संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी यूनेस्को ने पाकिस्तान से देश में पत्रकारों के लिए हालात बेहतर करने को कहा है। यूनेस्को महासचिव इरीना बोकोवा ने कहा, 'मैं मुकर्रम खान आतिफ की हत्या की निंदा करती हूं।'
गौरतलब है कि वॉइस ऑफ अमेरिका (वीओआई) में काम करने वाले आतिफ की पेशावर की एक मस्जिद में नमाज अदा करते वक्त हत्या कर दी गई थी। वह दुनिया समाचार चैनल के संवाददाता के तौर पर भी काम कर चुके थे और मोहमन्द एजेंसी प्रेस क्लब का अध्यक्ष रहे थे। बोकोवा ने कहा, 'यह लोकतंत्र और कानून के लिए आवश्यक है कि अधिकारी इस अपराध की जांच करे और अपराधी को सजा दें। मैं अधिकारियों से कहना चाहती हूं कि पाकिस्तान में काम करने वाले पत्रकारों की सुरक्षा के लिहाज से हत्यारों को सजा दिलाने के लिए कदम उठाए जाएं।' (एजेंसी)





