यूपी में वोटरों के लुभाने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में गाजीपुर में वोटरों को प्रलोभन देने के आरोप में सदर विधानसभा से बसपा प्रत्याशी डा. राजकुमार सिंह गौतम समेत चार लोगों के खिलाफ देर रात आचार संहिता उल्लघंन का मामला दर्ज कियो गया है. बताया जा रहा है कि नंदगंज थाना क्षेत्र के माताबांध, अलीपुर, बनगांवा में बसपा प्रत्याशी के समर्थकों द्वारा मतदातओं को अपने पक्ष में मतदान करने के लिए शराब, साड़ी तथा रुपये बांटते हुए पकड़ा गया.
बताया जा रहा है कि पुलिस छापेमारी में इन लोगों के वाहन में 43 हजार रुपये की नगदी, 100 साडि़या और शराब की बोतलें बरामद हुईं. पुलिस ने सारे सामान तथा वाहन को जब्त करते हुए बसपा प्रत्याशी डा. राजकुमार सिंह गौतम समेत चार लोगों के खिलाफ नंदगंज थाने में मुकदमा दर्ज की है. इसकी जानकारी आयोग को भी दे दी गई है. गौरतलब है कि डा. वर्तमान में जमानियां विधानसभा सीट से बसपा विधायक हैं. परिसीमन के बाद वे इस बार सदर सीट से बसपा प्रत्याशी बनाए गए हैं.





