उत्तराखंड के नगर विकास, पर्यटन, गन्ना विकास समेत कई मामलों के मंत्री मदन कौशिक ने आरोप लगाया है कि उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के दौरान सहारा चैनल और उसके रिपोर्टर ने उनके खिलाफ दुर्भावना और पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर खबरें चलाईं. जिससे वे काफी दुखी हैं तथा उनके मान-सम्मान को ठेस पहुंचने के साथ उनका चुनाव भी प्रभावित हुआ है. इस संदर्भ में मंत्री महोदय ने सहारा के चेयर मैन को पत्र एवं मेल भेजकर इस संदर्भ में कार्रवाई किए जाने की मांग की है. उन्होंने एक प्रति भड़ास के पास भी भेजी है, जिसे नीचे प्रकाशित किया जा रहा है.
सेवामें,
चेयरमैन,
सहारा मीडिया,
महोदय,
लोकतंत्र की रक्षा और विकास में मीडिया की अहम भूमिका है। लेकिन बहुत दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि आपका मीडिया समूह इस दिशा में ठीक तरीके से काम नहीं कर रहा है। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान आपके चैनल और आपके रिपोर्टर ने मेरे खिलाफ दुर्भावना के तहत खबरें दिखाईं जिससे मैं काफी आहत हुआ हूं। इस संदर्भ में मैंने कोरियर से आपको पत्र भी भेजा हुआ है। जिसकी कॉपी इस मेल के साथ भी भेज रहा हूं। कृपया इस संदर्भ में जल्द से जल्द कठोर कार्रवाई करें।
मदन कौशिक
मंत्री
नगर विकास, पर्यटन, गन्ना विकास, चीनी उद्योग तथा
बाह्य सहायतित परियोजनाएं
उत्तराखंड







