कोलकाता : एक युवती द्वारा खुद को इलेक्ट्रानिक मीडिया का पत्रकार बताकर मकान मालकिन से 12 लाख रुपए ठगकर फरार होने का मामला सामने आया है। यह घटना दक्षिण कोलकाता के 1/1 सदर्न पार्क इलाके में स्थित ए-4 नंबर फ्लैट में घटी। ठगी की शिकार वृद्धा का नाम रेखा बंद्योपाध्याय (75) बताया गया है। रेखा का कहना है कि गत वर्ष अप्रैल में उत्तर 24 परगना जिले के रानाघाट की रहने वाली रुमझुम मुखर्जी नाम की युवती खुद को इलेक्ट्रानिक मीडिया का पत्रकार बताकर उनके फ्लैट में किराए पर रहने लगी।
धीरे-धीरे रुमझुम से उनकी अच्छी दोस्ती हो गई। एक दिन रेखा ने अपनी बेटी को एक फ्लैट खरीद कर देने की बात रुमझुम को बताई, जिसके बाद रुमझुम ने रेखा को सस्ते में फ्लैट दिलाने की बात कहते हुए उससे 7 लाख नगद रुपए लिए। इसके बाद किस्तों में रेखा से रुमझुम ने 5 लाख के गहने भी हथिया लिए। कुछ महीनों बाद जब रेखा को रुमझुम पर शक हुआ तो उसने अपनी बेटी को सारी बातें बता दी। इस बात की भनक लगते ही रुमझुम गुरुवार रात अपना सामान बटोरकर घर से फरार हो गई। इस घटना की लिखित शिकायत स्थानीय थाने में दर्ज करा दी गई है। पुलिस उस फर्जी पत्रकार की तलाश कर रही है। साभार : जागरण






