वाशिंगटन : लोकप्रिय सर्च इंजन गूगल शीघ्र ही मुफ्त ऑनलाइन हार्ड ड्राइव स्टोरेज सिस्टम लांच करने जा रहा है। यह पर्सनल कंप्यूटर के हार्ड ड्राइव की तुलना में अधिक फाइलों को स्टोर कर सकेगी। इससे पहले भी ड्रॉपबॉक्स नामक कंपनी ग्राहकों को ऑनलाइन फाइल स्टोरेज सर्विस उपलब्ध करा रही है। गूगल ने ड्रॉपबॉक्स को टक्कर देने के लिए अपनी योजना तैयार की है। वर्तमान में ड्रॉपबॉक्स का 4 अरब डॉलर (करीब 198 अरब रुपये) का कारोबार है।
वॉल स्ट्रील जर्नल ने अज्ञात सूत्रों के हवाले से बताया कि गूगल की इस सेवा का नाम ड्राइव होगा और यह गूगल के सभी अकाउंट होल्डर के लिए नि:शुल्क होगी। वीडियो, दस्तावेज और संगीत पर्सनल कंप्यूटर की हार्ड ड्राइव की बजाए गूगल के डाटा केंद्र में स्टोर किए जा सकेंगे। वैसे तो गूगल की ड्राइव सेवा को नि:शुल्क रखा जाएगा, लेकिन बड़ी मात्रा में डाटा स्टोर करने वाले यूजर्स को फीस चुकानी होगी। फीस कितनी होगी इस बारे में अभी नहीं बताया गया है। वर्तमान में गूगल की दूसरी ऑनलाइन डाटा स्टोरेज सर्विस गूगल डॉक्यूमेंट भी यूजर को एक जीबी तक डाटा स्टोर करने की सुविधा देती है। इस समय एपल कंपनी भी आइ क्लाउड नाम से डाटा को ऑनलाइन स्टोर करने की सुविधा दे रही है। यह उसकी मोबाइल ऑपरेटिंग सर्विस के नवीनतम वर्जन आइओएस 5 के यूजर्स के लिए नि:शुल्क है। माइक्रोसॉफ्ट भी इस प्रकार की सेवा देती है, लेकिन इसके बदले में शुल्क लेती है।
यूजर्स के लिए गूगल की सेवा उसी तरह आसान होगी, जैसी ड्रॉपबॉक्स की है। ड्रॉपबॉक्स यूजर्स को किसी भी चीज को कहीं भी स्टोर करने की सुविधा देता है। उल्लेखनीय है कि प्रवर्तन निदेशालय ने इंटरनेट क्षेत्र की प्रमुख कंपनी गूगल को विदेशी विनिमय उल्लंघन का नोटिस भेजा है। कंपनी पर अपनी विदेशी इकाइयों को धन के स्थानांतरण में कथित तौर पर अनियमितता बरतने का आरोप है। निदेशालय ने कंपनी की भारतीय इकाई से कहा है कि वह इस बारे में भारतीय रिजर्व बैंक से प्राप्त सभी मंजूरियों का खुलासा करे। साथ ही देश में आईटी रिटर्न के साथ अपनी आमदनी का स्रोत भी बताए। (एजेंसी)





