: दोनों लोगों ने अमर उजाला छोड़ा : गोरखपुर से खबर है कि अमर उजाला से बरेली भेजे गए संजय तिवारी एवं मुरादाबाद भेजे गए जितेंद्र पांडेय ने इस्तीफा दे दिया है. अब ये लोग गोरखपुर में ही जनसंदेश टाइम्स से जुड़ गए हैं. उल्लेखनीय है कि अमर उजाला प्रबंधन ने अपने डीएनई संजय तिवारी एवं चीफ रिपोर्टर जितेंद्र पांडेय का स्थानांतरण क्रमश: बरेली एवं मुरादाबाद के लिए कर दिया था. संजय तिवारी ने एनई के रूप में बरेली तथा जितेंद्र ने चीफ रिपोर्टर के रूप में मुरादाबाद ज्वाइन करने के बाद इस्तीफा दे दिया.
खबर है कि दोनों लोगों ने अपनी नई पारी जनसंदेश टाइम्स के साथ शुरू कर दी है. वरिष्ठ पत्रकार संजय तिवारी को जनसंदेश टाइम्स में कारपोरेट एडिटर एडवाइजर टू एमडी बनाया गया है. संजय जनसंदेश टाइम्स के सभी एडिशनों की लांचिंग से लेकर कंटेंट तक की जिम्मेदारियां संभालेंगे. उनकी रिपोर्टिंग सीधे एमडी अनुज पोद्दार को होगी. संजय पिछले ढाई दशक से नोएडा, लखनऊ व गोरखपुर की पत्रकारिता में सक्रिय हैं. मालिक्यूलर वैज्ञानिक के रूप में अपने करियर की शुरुआत करने वाले संजय प्रतिभाशाली पत्रकार रहे हैं. उनका चयन सीडीएस के लिए भी हुआ पर उनका मन नहीं रमा. वहां से इस्तीफा देकर इन्होंने नोएडा में राष्ट्रीय सहारा ज्वाइन कर लिया था. ये लखनऊ तथा गोरखपुर में राष्ट्रीय सहारा की लांचिंग में मुख्य भूमिका निभाई. सात सालों तक दैनिक जागरण को सेवा देने के बाद ये चार साल पहले अमर उजाला से जुड़ गए थे.
जितेंद्र पांडेय को जनसंदेश टाइम्स में स्पेशल करेस्पांडेंट स्टेट बना दिया गया है. वे भी काफी समय से गोरखपुर की पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वे भी राष्ट्रीय सहारा और दैनिक जागरण में सेवाएं देने के बाद अमर उजाला पहुंचे थे. जितेंद्र की गिनती भी तेजतर्रार पत्रकारों में की जाती है. माना जा रहा है कि इन दोनों लोगों के जनसंदेश टाइम्स ज्वाइन करने से अखबार की टीम को मजबूती मिली है.





