उरई (जालौन)। उरई विधान सभा से भाजपा प्रत्याशी गौरीशंकर वर्मा के समर्थन में ऐर में जनसभा को सम्बोधित करते हुये भाजपा की फायर ब्रांड नेता व प्रदेश प्रभारी उमा भारती ने कांग्रेस युवराज पर निशाना साधते हुये कहा कि उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार को बढ़ावा राहुल ने दिया है। इसीलिये एनआरएचएम घोटाले जैसे कई घोटाले हुये हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर बार करते हुये कहा कि अगर केन्द्र से राहुल उत्तर प्रदेश में पैसा लाकर न देते तो हाथी पत्ते ही खाता न कि रुपया और साइकिल पंचर रहती न कि उसमें हवा भरी जाती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने परिवार बाद को बढ़ावा दिया, मायावती और मुलायम ने जातिवाद को बढ़ावा दिया। लेकिन प्रदेश का विकास नहीं किया।
उमा ने माया पर टिप्पणी करते हुये कहा कि माया हाथ में पर्स और कानों में हीरे पहनती है क्या उनकी जाति के लोगों को यह सुख है वो दिल्ली व अन्य क्षेत्रों में मजदूरी करते हैं। उन्होंने मुलायम पर निशाना साधते हुये कहा कि मुलायम ने यादवों का कभी भला नहीं किया और खुद के घर में जहाज हैं और यादवों के यहां अब भी भैंसें ही बंधी हैं। उमा भारती ने कहा कि मुलायम बलात्कार पीडि़तों को नौकरी व एक लाख रुपये देने की बात करते हैं, लेकिन भाजपा सरकार इनको फांसी देगी जो महिलाओं की इज्जत से खिलवाड़ करेंगे। इसके अलावा उन्होंने कहा कि मायावती बुंदेलखण्ड बटवारे को सिर्फ वोट बैंक के लिये प्रयोग कर रही हैं, अगर उन्हें बुंदेलखण्ड बनाना ही था तो वह दो साल पहले इसकी घोषणा कर सकती थी। उन्होंने कहा कि अगर बसपा से भाजपा को गठबंधन करना पड़ा तो वह गंगा में कूदकर अपनी जान दे देंगी। जनसभा के दौरान पूर्व मंत्री बाबूराम दादा, जिलाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह जादौन, प्रत्याशी गौरीशंकर वर्मा रहे। संचालन मूलशरण निरंजन ने किया।
संक्षिप्त पत्रकार वार्ता में जब पत्रकारों ने पूछा कि सोनिया गांधी को बाटला हाउस की तस्वीरें देखने के बाद आ गए थे तो उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी को उस समय क्यों आंसू नहीं आये जब कश्मीर से कश्मीरी पंडितों को मारकाट कर भगाया गया और अभी नृशंस हत्या की गयी। इसके अलावा उनकी सरकार में 84 के दंगों में सिखों की बेरहमी से हत्या की गयी थी तब यह आंसू कहां थे। यह सब सोनिया का सिर्फ नाटक है। उमा भारती ने कहा कि सोनिया को मुम्बई हमले के समय आंसू क्यों नहीं आये थे जब बेगुनाह मारे जा रहे थे। उन्होंने सोनिया से पूछते हुये कहा कि तब यह आंसू कहां छिपा लिये थे।






