पैगंबर मोहम्मद के बारे में ट्विटर पर पोस्ट करने वाले सऊदी अरब के पत्रकार को मलेशिया सरकार ने उनके देश वापस भेज दिया है. सऊदी अरब ने मलेशिया से इस पत्रकार को वापस भेजने की मांग की थी. पत्रकार का नाम हमज़ा कश्गरी है। कश्गरी ट्विटर पर पैंगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी लिखने के बाद मलेशिया भाग गए थे. इसके बाद से ही सउदी अरब में बवाल मच गया था. पत्रकार की इस टिप्पणी को अपमानजनक माना गया और कश्गरी को फांसी दिए जाने की मांग उठने लगी.
सउदी अरब ने मलेशिया सरकार से भी कश्गरी को वापस भेजे जाने का आग्रह किया. जिसके बाद मलेशिया ने कश्गरी को वापस सउदी अरब भेज दिया है. उल्लेखनीय है कि इस्लाम में पैंगबर का अपमान करना ईशनिंदा माना जाता है और सउदी अरब में इसके लिए मौत की सजा का प्रावधान है. समझा जा रहा है कि सउदी अरब पत्रकार के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर सकता है.





