भोपाल : प्रसिद्ध रंगकर्मी और नटबुंदेले संस्था के निदेशक अलखनंदन जी का रविवार की सुबह 11 बजे उनके निवास स्थान प्रोफेसर कॉलोनी में निधन हो गया. उन्हें दिल का दौरा पड़ा था. उनके अचानक निधन से कलाप्रेमियों में शोक की लहर दौड़ गई है. अलखनंदन जी का जब निधन हुआ तो उनके पुत्र अंश पायन उनके पास मौजूद नहीं थे. वे रंगकर्म के सिलसिले में जबलपुर गए हुए थे. सूचना मिलने के बाद वे भोपाल के लिए सड़क मार्ग से रवाना हुए.
अलखनंदन जी का अंतिम संस्कार सोमवार को भदभदा विश्रामघाट श्मशान पर किया जाएगा. उनकी शव यात्रा कल सुबह 11 बजे दिन में उनके प्रोफेसर कालोनी स्थित आवास से निकलेगी. अलखनंदन जी के निधन की सूचना मिलने पर उनके शुभचिंतक, चाहने वाले उनके आवास पर पहुंच रहे हैं. गौरतलब है कि हाल ही में संगीत नाटक अकादमी ने रंगकर्म के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान को देखते हुए संगीत नाटक अकादमी अवार्ड के लिए चयनित किया था.





