14 फरवरी, वैलेंटाइन-डे के लिए बाजार ने खास तैयारियां की हैं। पूरा बाजार प्यार के रंग को बेचने में लगा हुआ है। बाजार हर बार प्यार करने वालों को एक-दूसरे को उपहार देने के लिए कुछ नया लाता है और प्यार करने वाले जोड़े इस नए उपहार से एक-दूसरे को खुश करते हैं। इस बार भी बाजार बहुत कुछ नया लाया है, चाहे वो लॉकेट के आकार का ब्लूटूथ हो या फिर मोबाइल से निकलने वाले रेडिएशन से सुरक्षा के लिए लगाई जाने वाली चिप या फिर किसी खास प्रकार के गुलाब के फूल। बाजार में एक ऐसा रोज स्टेशन बनाया गया जहां आप अपने प्रेम के संदेश को उस गुलाब पर लिखवा सकते हैं और इस गुलाब का नाम दिया गया है टॉकिंग गुलाब।
नए-नए तरह के उपहारों से बाजार में कहीं टेडी बियर आपकी तरफ से आपके प्यार को आइ लव यू कहने को बेताब है तो कहीं ग्रीटिंग कार्ड्स, बड़े-छोटे टेडी, दिल के आकार के सॉफट ट्वायज आपका संदेश आपके प्रेमी तक पहुंचाने के लिए मौजूद हैं। ऋषिकेश से 15 किलोमीटर दूर मोहनचट्टी में ऊंची-ऊंची पहाड़ियों के बीच एक रोमांटिक और रोमांचकारी पर्यटन स्थल मौजूद है, जिसका नाम है जंपिंग हाइट्स। जंपिंग हाइट्स पहाड़ियों से घिरा एक ऐसा स्थान है, जहां रोमांचक और साहसी खेल होते हैं। बंजी जंपिग, जायंट सर्फिंग और फायर फॉक्स का सहारा प्रेम जताने के लिए किया जा सकता है।
फलाइंग फॉक्स में आप अपने प्रेमी के साथ हाथों में हाथ डाले एक पहाड़ी से दूसरी पहाड़ी के बीच हवा में तैरते हुए अपने प्यार का इजहार कर सकते हैं। एक किलोमीटर की इस दूरी में आपको कुछ पल ऐसे दिए जाते हैं जहां आप पहाड़ियों के बीचोंबीच हवा में होते हैं। ऐसे मौके पर आप प्यार का इजहार कर सकते हैं। न्यूजीलैंड का सबसे प्रचलित साहसिक खेल है ज्बंजी जंपिंग, जो अब भारत में भी मौजूद है। इस खेल में 83 मीटर ऊंचे स्थान से कूदना होता है। जब आप वहां से कूदने के लिए तैयार हो रहे होते हैं तो आपके पेट में कई तितलियां गुदगुदा रही होती हैं। आपका दिल जोर-जोर से धड़क रहा होता है। जंप सलाहकार आपको कुछ विशेष जानकारियां देता है और आपको छलांग लगा देनी होती है। छलांग लगाते ही आप एक अलग दुनिया में पहुंच जाते हैं। यहां आपको अपने आपकी भी पहचान होती है। आपको अपने अंदर के साहस के साथ जिंदगी में आप कितना जोखिम उठा सकते हैं, इसका भी एहसास होता है। पांच मिनट तक आप हवा में होंगे। पूरी दुनिया से काफी दूर और अलग। आपके साथ होंगी आपके प्यार की यादें, आपका साहस और एहसास। ऐसा ही होता है जायंट सर्फिंग। इस खेल में आप घड़ी के पेंडुलम की तरह पहाड़ियों के बीच, आसमान और पानी के बीच झूलते हुए अपने प्रेमी से प्यार का इजहार करते हैं। घबराइए नहीं, इसमें आप पूरी तरह सुरक्षित रहेंगे क्योंकि इस साहसिक और रोमांचकारी खेल को विदेशी मापदंडों के आधार पर खेला जाता है। आपके इस प्यार के इजहार की गवाह होती हैं ऊंची-ऊंची पहाड़ियां, नीचे कलकल बहती नदी और नीला आसमान। इन सभी खेलों में आपका शरीर पूरी तरह रस्सियों से बांध कर रखा जाता है। सुरक्षा के लिए तीन स्तरीय जांच भी की जाती है। आसमान में जब आप झूल रहे होते हैं, तो विदेशी सलाहकार की नजरें आप पर होती ही हैं साथ ही कैमरा भी आपकी हर एक हरकत पर नजर रखता है। नीचे भी आपकी सुरक्षा के लिए दो सलाहकार तैयार रहते हैं।
भारत में जब से एडवेंचर टूरिज्म का बंजी जंपिंग ऋषिकेश में पहली बार खोला गया है, तब से यहां देशी-विदेशी जोड़े और दोस्तों के झुंड बढ़-चढ़ कर भाग ले रहे हैं। न्यूजीलैंड के रिचर्ड्स और उनकी प्रेमिका सिल्क अपने वैलेंटाइन को खास बनाने यहां आई हैं। सिल्क बताती हैं कि रिचर्ड्स ने जब उन्हें प्रपोज किया तो वे मेरा साथ कहां तक देंगे इसके लिए उन्होंने एडवेंचर टूरिज्म का सहारा लिया। रिचर्ड्स ने सिल्क को फलाइंग फॉक्स में, हाथों में हाथ लेकर प्रपोज किया और जब रिचर्ड जायंट स्विंग कर रहा था, तब उसने सिल्क को चिल्लाकर आई लव यू कहा। चंडीगढ़ से आए राहुल ने हर्षा को भी यहीं प्रपोज किया। राहुल और हर्षा चंडीगढ़ से अपने दोस्तों के साथ वाटर राफिटंग के लिए हरिद्वार आए थे लेकिन अचानक ही उनका कार्यक्रम जंपिंग हाइट्स का बन गया। जब वे जंपिंग हाइट्स पहुंचे और सुरक्षा सलाहकार रूपा ने दोनों को एक-दूसरे का हाथ पकड़ने की सलाह दी, तब राहुल ने हर्षा के सामने अपना प्यार का इजहार किया। हर्षा बताती हैं कि राहुल ने जैसे ही मेरा हाथ पकड़ा और रूपा ने लीवर दबा कर साहसी खेल के लिए हम दोनों को भेजा, राहुल ने मुझसे कहा कि क्या जिंदगी भर तुम मेरा साथ दे सकती हो? मैंने उसे वहां कोई जवाब नहीं दिया लेकिन जायंट स्विंग के दौरान जब मैं राहुल का हाथ छोड़कर जा रही थी तो मैंने सोचा था कि मैं यहां आई लव यू टू कह दूंगी और मैंने वो किया भी। जंपिंग हाइट्स के निदेशक राहुल निगम कहते हैं कि हमने इस मौके के लिए विशेष कोंबो ऑफर पेश किया है। यदि कोई बंजी जंपिंग और स्विंग दोनों ही साहसिक खेलों को खेलना चाहता है तो उसे 4000 रुपये देने होंगे। फलाइंग फॉक्स और बंजी के लिए 3500 और यदि कोई तीनों ही साहसिक खेलों को खेलना चाहता है तो मात्र 5000 रुपये। यदि कोई जोड़ा इसे करना चाहता है तो भी उन्हें इस ऑफर का लाभ मिल सकता है।
भारत में यह एडवेंचर टूरिज्म नया है, लेकिन फरवरी माह के शुरू होते ही चंडीगढ़, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब सहित कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर, न्यूजीलैंड, अमेरिका, अफ्रीका आदि कई शहरों से युवा जोड़े इस खेल का मजा ले रहे हैं। अभी चूंकि इसका प्रचार-प्रसार कम है, इसलिए यहां संख्या कम है। लड़कों में यह खेल काफी प्रचलित है। इस खेल की सबसे खास बात यह है कि जंपिंग हाइट्स आपके प्यार के इजहार के हर एक पल को कैमरे में कैद किया जाता है और एक मामूली कीमत पर आपकी हर एक हरकत को कैद कर आपको दे भी दिया जाता है।
इन दिनों वैलेंटाइन-डे का क्रेज युवाओं में तो है ही बुजुर्गो में भी अब खूब दिखने लगा है। शहरों में तो बुजुर्ग दंपती एक-दूसरे के साथ इस दिन पार्क में, मॉल में एक -दूसरे से प्यार का इजहार करते हुए दीख जाते हैं। इस बाजार में कुछ खास चीजें नजर आईं जिसमें पहला है टॉकिंग रोजेज। वैसे तो लाल गुलाब इस दिन का खास उपहार होता है। इस वर्ष ज्बात करने वाला गुलाब पता नहीं क्या गुल खिलाता है। ये कृत्रिम गुलाब का फूल नहीं है। यह ताजा गुलाब का फूल है जिसकी पंखुड़ियों पर आप अपना संदेश लिख सकते हैं। यदि आप चाहते हैं कि आपका प्रेमी इस संदेश को अपने साथ हमेशा रखे तो आप इस गुलाब को लेमिनेट भी करवा सकते हैं। इसकी कीमत 300 से 900 रुपये तक है। इसके साथ बाजार में कुछ ऐसी प्रिंटिंग मशीनें मौजूद हैं जिनकी मदद से आप अपने उपहार पर अपना संदेश लिखकर प्रेमी-प्रेमिका को दे सकते हैं। तकिये के खोल पर आप दिल प्रिंट करवाने के साथ-साथ उस पर अपना संदेश भी लिख सकते हैं। अपने प्यार के साथ अपनी फोटो भी प्रिंट करवा सकते हैं। यही नहीं, रंग-बिरंगे कॉफी मग पर तो कई संदेश लिखे होते हैं लेकिन यदि आपको कोई विशेष संदेश लिखवाना है तो आप वो भी इस कप पर लिखवा सकते हैं।
इस प्रेम दिवस पर कई ऐसे लोग भी होंगे जो अपने प्रिय के पास नहीं होंगे। ऐसे लोग संदेश या उपहार भेजने के लिए इंटरनेट पर चलाई जा रही गिफट शॉप का सहारा ले सकते हैं। आपका प्यार आपसे दूर है तो आप अपना संदेश पहुंचाने के लिए मोबाइल कंपनी वहां विशेष ऑफर दे रही हैं और कूरियर कंपनियां भी मौजूद हैं। इस खास दिन के लिए कई प्रकार के ऑफर इन साइट्स पर भी मौजूद हैं। वे चंद घंटों में आपके संदेश व उपहार को आपके प्रिय के पास पहुंचाने को तैयार हैं। वैलेंटाइन-डे सिर्फ ईसाइयों और भारतीयों में ही नहीं बल्कि मुस्लिम देशों में भी इसकी खूब धूम है। दुबई के सोना, चांदी और हीरा बाजार में खास प्रकार के ज्दिल बनाए गए हैं। जितने प्रकार के कीमती पत्थर हैं, उनमें भी दिल धड़क रहे हैं।
फूलों का इस पर्व से गहरा नाता है। लाल गुलाब का फूल प्रेम का प्रतीक माना जाता है इसलिए वैलेंटाइन-डे पर सबसे अधिक मांग इसी फूल की रहती है। ब्रिटिश लोग इस एक दिन में फूलों पर साढ़े तीन करोड़ पाउंड तक खर्च कर देते हैं। खरीदे गए फूलों में लाल गुलाबों की संख्या लगभग एक करोड़ होती है। अमेरिका में वैलेंटाइन-डे पर फूलों की इतनी ज्यादा मांग होती है कि तीन दिनों के भीतर यहां 11 करोड़ से अधिक फूलों का सौदा होता है जिनमें पांच करोड़ से अधिक संख्या लाल गुलाबों की होती है। भारत में विशेष रूप से महानगरों में इस पूरे सप्ताह में फूलों की बिक्री चौगुनी हो जाती है। करोड़ों रुपये के गुलाब का व्यापार हो जाता है। एक साधारण गुलाब की कीमत 50 से 300 रुपये तक हो जाती है।
वैलेंटाइन पर्व न केवल अजनबियों व अपरिचित प्रेमियों को नजदीक लाता है बल्कि जो प्रेमी-प्रेमिका एक दूसरे से परिचित हैं, उनके लिए भी यह रोमांचक होता है। इस प्यार वाले दिन पर कुछ लोगों की बुरी नजर भी होती है जो इसका विरोध करने के साथ साथ मार-पीट पर भी उतारू हो जाते हैं। जहां कहीं इन प्यार के दुश्मनों को युवा जोड़ा मिल जाता है वहां वे उन्हें ध़र दबोचने, पीटने उनका मजाक उड़ाने में पीछे नहीं रहते हैं। हर वर्ष शिव सेना, श्रीराम सेने, विश्व हिंदू परिषद के लोग इस दिन का विरोध करते हैं। कार्ड्स और उपहार को जलाते हैं। तोड़फोड़ भी करते हैं। लेकिन प्यार करने वालों ने भी डरना नहीं सीखा है। वे भी बिना डरे अपने घरों से निकलते हैं, इनका सामना करते हैं। इनका साथ देती है पुलिस।
राजधानी दिल्ली के सेलेक्ट सिटी वाक मॉल ने इस दिन के लिए खास तैयारियां की जाती हैं। कहीं एक उपहार के साथ दूसरा उपहार मुफत में दिया जा रहा है। दिल्ली के ही रजौरी गार्डेन में चिकिंग फ्राइड चिकन एक खाने के साथ उतनी ही कीमत का दूसरा खाना मुफ्त दे रहा है। वीएलसीसी पार्लर में यदि कोई लड़की या लड़का अपना मेकओवर कराता है तो उसके प्यार के मेकओवर पर 30-50 फीसदी की छूट दी जा रही है। 14 फरवरी के खास दिन एक लकी ड्रॉ सिस्टम भी पेश किया जाएगा जिसमें युवाओं को फिल्म टिकट जीतने का मौका मिलेगा। कोकोआ वर्ल्ड जैसी चॉकलेट कंपनियां विशेष वैलेंटाइन ऑफर पेश कर रहीं है। फर्न ऐंड पेटल फूलों की कंपनी ने भी एक हफते तक चलने वाले इस उत्सव को पूरी तरह से भुनाया है। रोज-डे से शुरू हो रहे इस सप्ताह में वे आपके लिए घर तक फूल मुहैया करा रहे हैं। वहीं हर दिन के हिसाब से अलग-अलग गुलाबों, चॉकलेट, टेडी और गिफट्स के ऑफर भी दिया जा रहा है। जेब्रा कंपनी ने लॉकेट के आकार का ब्लूटूथ पेश किया है जो आपके प्रेमी को आपकी आवाज दिल के करीब से सुनाएगा। सिनर्जी इनवीरोनिक्स लिमिटेड ने इनविरो चिप पेश किया है जो मोबाइल और कंप्यूटर से निकलने वाले रेडिएशन के खतरे से आपके प्रिय को बचाता है। गिफट और कार्ड गैलरी में कई प्रकार के रंगीन टेडी आपके प्रियवर को आइ लव यू कह देगा। वहीं कार्ड में संगीत तो पुराना हो चुका है लेकिन युवाओं का इस कार्ड के प्रति आकर्षण बना हुआ है। ईयर रिंग, लॉकेट, वैलेट से लेकर कॉफी मग, फोटो फ्रेम की भी कई रेंज बाजार में मौजूद हैं।
साभार : शुक्रवार






