वेब की दुनिया निराली है. अनंत है. बहुत कुछ करने के लिए है इसमें. आप अकेले हैं तो भी वेब के जरिए बहुत कुछ नया कर सकते हैं. (हालांकि आप तो आप हैं इसलिए आप नौकरी ही करते रहेंगे और मालिक के लिए दिमाग लड़ा लड़ा कर उसके लिए नया करने में ही प्रसन्न रहेंगे, इसलिए आपसे उम्मीद करना बेकार है) अगर आप संस्थान, कंपनी, मीडिया हैं तो वेब के माध्यम से बहुत कुछ नया कर सकते हैं.
भास्कर समूह नित नए प्रयोगों के लिए जाना जाता है. तभी तो वह देश के बड़े मीडिया हाउसों में शुमार किया जाता है. ताजी सूचना ये है कि भास्कर वालों ने वेब की दुनिया में एक कदम और बढ़ा दिया है. इन लोगों ने शहरों की छोटी से छोटी खबरें वेब पर डालने का फैसला लिया है. शुरुआत की है जयपुर से. दैनिकभास्कर.कॉम ने वेलेंटाइन डे पर जयपुर और इस शहर से जुड़े रहे पाठकों को तोहफा दिया है. केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी के हाथों जयपुर केंद्रित वेबसाइट लॉन्च की गई है.
दैनिक भास्कर में इस बारे में प्रकाशित खबर के मुताबिक- ''भास्कर की वेबसाइट जयपुर जानने वालों के लिए नया अनुभव लेकर आई है. दैनिक भास्कर में छपने वाली खबरें तो आप यहां पाएंगे ही, शहर की प्रमुख घटनाओं और आयोजनों के वीडियो और तस्वीरें भी देख सकते हैं. शहर की हर छोटी-बड़ी घटना का अलर्ट मिनटों में वेबसाइट पर देख सकते हैं. केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री श्रीमती अंबिका सोनी ने सोमवार को नई दिल्ली में टैबलेट पर क्लिक कर जयपुर हायपर लोकल सिटी सेक्शन का शुभारंभ किया. भारत में किसी शहर को लेकर समाचार वेबसाइट बनाने की यह पहली गंभीर पहल है, जो दैनिक भास्कर बाकी शहरों में भी जल्द शुरू करेगा. इस खास वेबसाइट पर किसी भी इवेंट का कवरेज होगा ‘रियल टाइम’ आधार पर. यानी जैसे ही शहर में कोई घटना घटेगी कुछ ही मिनटों में दैनिकभास्कर डॉट कॉम पर उसका अलर्ट आपको दिखेगा. वेबसाइट पर शहर के बारे में हर जरूरी जानकारी, मसलन जरूरी फोन नंबर और आज के कार्यक्रम भी उपलब्ध है. सिटी डायरेक्टरी, हैंगआउट और फूड सेक्शन में कहां घूमने जाएं और क्या खाएं जैसे प्रश्नों का जवाब होगा. सिटी लाइव में होंगी वो तमाम छोटी खबरें जो अखबार के पन्नों या बड़ी खबरों में जगह नहीं बना पातीं. इन खबरों के पल-पल के अपडेट शहर में फैले हमारे रिपोर्टर्स बताएंगे. वीडियो में वेब न्यूज की दुनिया में पहली बार हो रहे इस प्रयोग में हमारे रिपोर्टर्स शहर की हर अहम खबर का वीडियो भी लाएंगे, सिर्फ आपके लिए. साथ ही सिटी डायरेक्टरी, बेस्ट ऑफ सिटी, इवेंट कैलेंडर और फोटो गैलरी जैसे सेगमेंट आपकी रुचि के अनुसार कंटेंट उपलब्ध करवाएंगे. अस्पताल, एंबुलेंस, टैक्सी सर्विस, सिनेमा हॉल, पुलिस स्टेशन, हेल्पलाइन जैसी कई कैटेगरी हैं जहां आपको जरूरत के टेलीफोन नंबर मिलेंगे. बेस्ट ऑफ सिटी में होंगी शहर के मॉन्यूमेंट्स, रेस्तरां की जरूरी जानकारियां. इन्हें आप इच्छानुसार स्टार्स देकर अपनी रेटिंग भी दे सकते हैं. सिटी ब्लॉगर में शहर से जुड़े विभिन्न विषयों पर होंगे कुछ खास लोगों के ब्लॉग. आप भी यहां अपने विचार शेयर कर सकते हैं.''
शहर केंद्रित न्यूज वेबसाइट बनाकर भास्कर वालों ने बाकी मीडिया हाउसों को पछाड़ दिया है. साथ ही हिंदी पट्टी के पत्रकारों को भी चुनौती दे डाली है जो नौकरी चाकरी करते रहने में ही अपनी भलाई समझते हैं, भले ही नौकरी करते हुए मालिक का हुकुम बजाने में चाहे जितना पतन हो जाए. कायदे से तो हिंदी पत्रकारों को शहर केंद्रित न्यूज वेबसाइट की शुरुआत करनी चाहिए थी. कई साथी हैं जो अपने जिले की न्यूज वेबसाइट बनाकर चला रहे हैं. पर अब भी यह प्रयास गंभीर स्तर पर नहीं हो पा रहा है. उम्मीद है कि भास्कर की इस पहल से हिंदी पट्टी के पढ़े लिखे नौकरीप्रेमी लोगों की नींद टूटेगी और वे भी ऐसा ही कुछ नया करने के बारे में सोचेंगे. भड़ास इस दिशा में पहल करने वालों की मदद करेगा. इसके लिए आप [email protected] पर मेल भेज सकते हैं.





