हिंदुस्तान, बनारस से खबर है कि यूनिट में तैनात दो लोगों का तबादला दूसरे जिलों में कर दिया गया है. बनारस में प्रादेशिक डेस्क पर कार्यरत खुशहाल सिंह धामी को प्रभारी बनाकर गाजीपुर भेज दिया गया है. वे गाजीपुर के ब्यूरो चीफ होंगे. अब तक यहां की जिम्मेदारी राकेश मिश्रा संभाल रहे थे. राकेश मिश्रा कहीं भेजे जाएंगे या गाजीपुर में ही रहेंगे यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. खुशहाल सिंह लांचिंग के समय से ही हिंदुस्तान से जुड़े हुए हैं.
दूसरी खबर है कि कम्प्यूटर ऑपरेटर सुनील श्रीवास्तव का तबादला बलिया के लिए कर दिया गया है. सुनील भी पिछले दस सालों से अखबार से जुड़े हुए हैं. ये वही सुनील हैं जिनको पिछवाड़े लात मारकर भगाने की धमकी संपादक अनिल भास्कर ने दी थी तथा वरिष्ठ अधिकारियों के दबाव के बाद सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगी थी. बताया जा रहा है तभी से संपादक सुनील से खार खाए हुए थे. चर्चा है कि उसी मामले में सबक सिखाने के लिए सुनील का तबादला बलिया किया गया है. दोनों लोग अगले सप्ताह से अपना कार्यभार ग्रहण कर लेंगे.






