: कानाफूसी : इंडिया टीवी के बदले तेवर देखकर दर्शक असमंजस में हैं. राजनीतिक खबरों को दोयम समझने वाला तथा सांप-बिच्छुओं की खबरों को प्राथमिकता देने वाला इंडिया टीवी आजकल यूपी की मुख्यमंत्री मायावती पर कुछ खास ही मेहरबान नजर आ रहा है. प्रबंधन की माया पर मेहरबानी देखकर कर इंडिया टीवी में काम करने वाले पत्रकार भी चकित हैं. चैनल के भीतर चर्चा है कि रजत शर्मा एवं विनोद कापड़ी ने बसपा से लम्बा माल पीटा है, तभी उनके भाषण चैनल पर लाइव दिखाए जा रहे हैं. खास बात यह है कि इसमें विनोद कापड़ी खुद दिलचस्पी लेकर माया की सभाओं का लाइव प्रसारण करवा रहे हैं.
आम दर्शक इंडिया टीवी पर माया को मिल रहे महत्व को इसलिए भी नहीं पचा पा रहा है कि भाजपा की तरफ झुकाव रखने वाला इंडिया टीवी प्रबंधन अचानक बसपा सुप्रीमो पर मेहरबान कैसे हो गया. बताया जा रहा है कि कभी सांप-बिच्छुओं-गोजरों, दुनिया पलटने, नरक का द्वार खोजने वाला चैनल राजनीतिक खबरों से लगभग परहेज ही रखता था. यू-ट्यूब पर कोई विजुअल मिला नहीं कि चैनल अपना खेल शुरू कर देता था, पर इस बार चैनल राजनीतिक पत्रकारिता की तरफ लौटता दिख रहा है. खासकर माया की सभाओं के सहारे. खबर है कि जिस तरह नरेंद्र मोदी को इस चैनल पर प्रमुखता दी जाती है, कुछ इसी तरह की प्रमुखता इन दिनों यूपी की सीएम मायावती को भी दी जा रही है.
यूपी चुनावों को लेकर मायावती जितनी भी सभाएं कर रही हैं, उनमें से ज्यादातर सभाओं का चैनल लाइव प्रसारण कर रहा है. अगर अपने संसाधनों से भाषण कवर नहीं हो पा रहा है तो दूसरे का विजुअल काटकर काम चलाया जा रहा है. पर सभा में बहनजी की भाषणबाजी बिल्कुल लाइव चलाया जा रहा है. चैनल के कर्मी बताते हैं कि बहन जी की सभाओं के लाइव में चैनल हेड विनोद कापड़ी भी दिलचस्पी ले रहे हैं. माया का लाइव चला कि नहीं, क्यों नहीं चला आदि की जानकारी वो हमेशा लेते रहते हैं, जिसके चलते उनके सहयोगी भी माया की सभाओं को लेकर सतर्क रह रहे हैं कि बाकी सबकी खबर छूट जाए माया की खबर किसी भी कीमत पर न छूटे.
वैसे गासिप इस बात को लेकर भी है कि पिछले दिनों कई नेताओं का स्टिंग करने वाले इंडिया टीवी पर बसपा सुप्रीमो ने कुछ मेहरबानी की है. अब यह पता नहीं चल पा रहा है कि मेहरबानी का स्वरूप क्या है, पर कयास लगाया जा रहा है कि इसके लिए शायद बसपा की तरफ से इंडिया टीवी के साथ बड़ी धनराशि की डील हुई है. इसके चलते ही इंडिया टीवी मायावती को सबसे ज्यादा कवरेज दे रहा है. अब इन कयासों में सच्चाई चाहे जो हो, पर यह तो सच है कि इंडिया टीवी प्रबंधन यूपी की सीएम पर आजकल कुछ ज्यादा ही मेहरबान है. आप चुनाव के दौरान किसी रोज भी इंडिया टीवी की मेहरबानी वाली माया को देख सकते हैं.





