छत्तीसगढ़ में अपने को और मजबूत करने के लिए दैनिक भास्कर आज से नई प्रिंटिंग यूनिट की शुरुआत करने जा रही है. इस नई यूनिट का उद्घाटन छत्तीसगढ़ के सीएम रमन सिंह करेंगे. रायगढ़ में प्रिंटिंग यूनिट स्थापित हो जाने के बाद रायगढ़, जसपुर और जांजगी-चांपा जिलों के एडिशनों को कवर किया जाएगा. जिससे देरशाम की खबरे भी अखबार में प्रकाशित हो सकेंगी. अब तक इन जिलों में अखबार बिलासपुर से प्रकाशित होकर आता था.
इसके साथ ही दैनिक भास्कर पहला राष्ट्रीय दैनिक हो गया है, जिसका प्रकाशन रायगढ़ से होगा. बताया जा रहा है कि यहां से लगभग 25000 कापियां प्रकाशित होंगी. इस प्रिंटिंग यूनिट की स्थापना इसलिए की गई है ताकि इन तीन जिलों में बेहतर सेवा प्रदान की जा सके. इसके लिए अखबार के दाम में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है. नई प्रिंटिंग यूनिट से प्रकाशित होने के बाद भी अखबार की कीमत तीन रुपये ही रहेगी. बताया जा रहा है कि रायगढ़ में प्रिंटिंग यूनिट स्थापित होने के बाद स्थानीय खबरों को और अधिक प्रमुखता मिल सकेगी. इस यूनिट के इंचार्ज अजय तिवारी होंगे.
भास्कर प्रबंधन का कहना है कि बिलासपुर से इन जिलों के अखबारों का प्रकाशन होने के चलते शाम की कई जरूरी खबरें छूट जाती थी, जिससे पाठक कई खबरें पढ़ नहीं पाते थे या फिर उन्हें अगले दिन का इंतजार करना पड़ता था. इसी परेशानी को देखते हुए यहां प्रिंटिंग यूनिट स्थापित करने का निर्णय लिया गया कि देरशाम तक की खबरें भी पाठकों तक पहुंच सकें तथा उन्हें अखबार भी समय से मिल सके. छत्तीसगढ़ में दैनिक भास्कर के चार एडिशन रायपुर, बिलासपुर, भिलाई और जगदलपुर से प्रकाशित होते हैं.





