हरियाणा के गृहमंत्री गोपाल कांडा के यूपी-उत्तराखंड बेस्ड चैनल 'यूपी न्यूज' से खबर है कि यहां दो एंकरों के करियर से खिलवाड़ कर उन्हें परेशान होने के लिए मजबूर कर दिया गया है. उपासना शर्मा और नेहा कालिया नामक दो एंकरों को यूपी न्यूज में ज्वाइन कराया गया और पंद्रह बीस दिन के बाद ही इन्हें अचानक चैनल से निकाल दिया गया. सूत्रों के मुताबिक दोनों एंकरों को रखा किस आधार पर गया, और निकाला किसलिए गया, यह किसी को नहीं पता. प्रबंधन के लोग चर्चा फैला रहे हैं कि अनुशासनहीनता के कारण इन्हें निकाला गया है.
पर कई लोगों का कहना है कि जब आपको किसी को पंद्रह बीस दिन में ही निकालना है तो उसे रखा क्यों. इस तरह की हरकत के कारण पीड़ित जर्नलिस्टों का करियर तबाह हो जाता है. एक अन्य जानकारी के अनुसार यूपी न्यूज की तरफ से उत्तर प्रदेश का ब्यूरो चीफ आशीष सिंह को नियुक्त किया गया है. इससे पहले कुमार सौवीर ब्यूरो चीफ हुआ करते थे जिन पर पेड न्यूज के लिए प्रबंधन ने दबाव डाला तो उन्होंने इस्तीफा दे मारा. नए ब्यूरो चीफ आशीष चैनल7 (अब आईबीएन7), सीएनबीसी आदि में काम कर चुके हैं.





