: राहुल ने कांग्रेस के हक में माहौल बनाया : उमा भारती अपनी सीट भी निकाल लें तो गनीमत होगी : नई दिल्ली- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह उत्तर प्रदेश को लेकर दो तरह की स्थितियां देख रहे हैं मतदान के बाद। पहली, कांग्रेस को पूर्ण बहुमत का मिलना। दूसरी, कांग्रेस का सबसे बड़ी पार्टी के रूप में सामने आना। इसी के साथ दिग्विजय सिंह ने न्यूज 24 की प्रधान सम्पादक सुश्री अनुऱाधा प्रसाद के साथ एक साक्षात्कार में यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी किसी भी हालत में उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने के लिए समाजवादी पार्टी को समर्थन नहीं देगी।
‘आप कांग्रेस के बेहतरीन प्रदर्शन को लेकर इतने आश्ववस्त किस आधार पर हैं?’ सघन चुनाव प्रचार के कारण कुछ थके-थके से लग रहे दिग्विजय सिंह कहने लगे, ''दरअसल उत्तर प्रदेश की जनता ने पिछले 22 सालों के दौरान प्रदेश में सपा, भाजपा और बसपा की निकम्मी सरकारों को देख लिया है। जनता इनसे आजिज आ चुकी है। वे इनसे मुक्ति की ख्वाहिश रखती है। उसके पास विकल्प के रूप में अब कांग्रेस ही बची है। उत्तर प्रदेश की जनता ने साल 2007 में सपा की सरकार को उखाड़ कर बसपा को प्रदेश की सरकार की जिम्मेदारी सौप दी थी। पर बसपा सरकार ने जनता को निराश किया। अब बदली हुए स्थितियों में माहौल कांग्रेस के पक्ष में बन गया है।''
‘क्या इसे आप मुनासिब मानते हैं कि कांग्रेस जैसी पार्टी उत्तर प्रदेश की सत्ता पर काबिज होने के लिए मुस्लिम कार्ड खेल रही है…?’ उन्होंने कहा, “यह आरोप आधारहीन है। हमने अपने साल 2009 के घोषणापत्र में वादा किया था कि हम सत्ता पर काबिज होने पर मुसलमानों को कर्नाटक, केरल और आंध्र प्रदेश की तर्ज पर आरक्षण का लाभ देंगे। इन सभी राज्यों में आरक्षण का लाभ पसमांदा मुसलमानों और अन्य मुसलमानों को मिल रहा है। सवाल उठता है कि अगर हम अपने घोषणा पत्र की चुनाव प्रचार के दौरान चर्चा नहीं करेंगे तो फिर करेंगे क्या? मुझे समझ नहीं आ रहा कि चुनाव घोषणा पत्र में दिए वादों को उठाना किस आधार पर चुनाव आयोग के खिलाफ माना जा रहा है।''
राहुल गांधी की तरफ से उत्तर प्रदेश में किए जा रहे तगड़े प्रचार से जुड़े एक सवाल का उत्तर देते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने जुझारू प्रतिबद्धता के साथ चुनाव प्रचार किया है। उनके ठोस प्रयासों के चलते प्रदेश में कांग्रेस के हक में माहौल बना है और पार्टी सभी 403 सीटों पर मजबूती से लड़ रही है। पर उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के लिए बेहतरीन संभावनाएं देख रहे दिग्विजय सिंह बार-बार पूछने पर भी नहीं बताते कि उनकी पार्टी के सत्तासीन होने पर मुख्यमंत्री कौन होगा। वे यही कहते रहे, “हमारे नवनिर्वाचित विधायक सर्वसम्मति से अपने नए नेता का चुनाव करेंगे। मैं 1993 में मध्य प्रदेश में इसी तरह से मुख्यमंत्री बना। 2007 में असम में तरुण गोगोई भी इस प्रक्रिया से ही मुख्यमंत्री बने।''
‘भाजपा नेता सुश्री उमा भारती बार-बार दावा कर रही हैं कि वे मध्य प्रदेश के बाद अब उत्तर प्रदेश में भी पराजित करेंगी…। आपको उनके इस दावे पर क्या कहना है? ’मंद-मंद मुस्कान बिखेरते हुए वे कहने लगे, “मुझे इस बात की बहुत हैरानी है कि जिस उमा भारती ने आडवाणी जी को बुरा-भला कहा और कभी वापस न लौटने का एलान किया वो फिऱ से भाजपा में हैं। वैसे, मुझे लगता है कि अगर वो अपनी सीट भी निकाल लें तो बहुत बड़ी बात होगी।” आप दिग्विजय सिंह के साथ साक्षात्कार को शनिवार ( 18 फरवरी) और रविवार ( 19 फरवरी) रात साढ़े आठ बजे न्यूज 24 चैनल पर देख सकते हैं। प्रेस रिलीज





