आजमगढ़ जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में एक स्थानीय पत्रकार को जान से मारने की धमकी के मामले में सपा प्रत्याशी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार मुबारकपुर थाना क्षेत्र में उर्दू दैनिक समाचार पत्र राष्ट्रीय सहारा के स्थानीय संवाददाता गुलाम रसूल रिज़वी को कल दोपहर क्षेत्र के सठियाव कस्बे में वर्तमान चुनाव में सपा के प्रत्याशी रहे अखिलेश यादव ने धमकी दी. गुलाम रसूल रिज़वी पिछले बीस सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. सपा नेता के धमकी भरे अंदाज ने यहाँ के पत्रकारों को आक्रोशित कर दिया है.
वहीं क्षेत्र में यह चर्चा आम हो चली है की चुनाव ख़त्म होते ही और सपा के यूपी की सत्ता में आने की सुगबुगाहट ने उसके कार्यकार्ताओं में जोश और उन्माद भर दिया है. सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव भले ही विपक्षी दलों द्वारा सपा की सरकार आने पर गुंडई बढ़ने के आरोप के जवाब में यह सफाई दे रहे हैं कि सपा सरकार में गुंडई बर्दाश्त नहीं की जाएगी, चाहे भले ही गुंडई करने वाला उन्हीं के पार्टी का कार्यकर्ता हो, लेकिन इस प्रकरण से लगने लगा है की पूत के पांव पालने में ही दिख गए.
पिछली सरकार में सपा के एक खास जाति के लोगों की अराजकता के कारण ही सपा को सत्ता गंवानी पड़ी थी. इस बार चुनाव भी खत्म नहीं हुए कि सपाई सत्ता के मद में चूर दिखने लगे हैं. जब सरकार बन जाएगी तब क्या हाल होगा, इसकी कल्पना की जा सकती है. धमकी से परेशान पत्रकार ने अपनी जान-मॉल की सुरक्षा के लिए थाने में तहरीर दी है, जिस के आधार पर पुलिस ने सपा प्रत्याशी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
आजमगढ़ से सुधीर सिंह की रिपोर्ट.





