यूपी के गाजीपुर जिले में कल सुबह सदर कोतवाली क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर एक स्थानीय भूमाफिया एवं दबंग ने जमकर बवाल काटा. आलम ये रहा कि वो दबंग काफी देर तक खुलेआम असलहा लहराते हुए लोगों को जान से मारने की धमकी भी देता रहा. घटना गाजीपुर के गोंड़ा देहाती क्षेत्र की है. बताया जा रहा है कि स्थानीय हिंदी दैनिक समाचार पत्र "सहारा" के फोटोग्राफर विजय यादव के पिता ने हाल में ही खरीदी जमीन पर कल निर्माण करा रहे थे.
इसी जमीन के पास उक्त भू माफिया का मकान है. उसकी निगाह काफी दिनों से उस जमीन पर लगी हुई थी, तो उस भू माफिया ने पहले तो अपने लोगों को भेजा लेकिन संगठित फोटोग्राफर परिवार के आगे उनकी जब नहीं चली तो स्वयं वो दबंग और माफिया मौके पर बन्दूक सहित आ धमका और निर्माण रुकवाने के लिए हंगामा करने लगा. इससे अफरातफरी मच गयी और मामला पुलिस स्टेशन पहुंच गया है. भुक्तभोगी सहारा फोटोग्राफर और उसके परिवार के साथ जनपद के तकरीबन दो दर्जन पत्रकार कोतवाली पहुँच गए और तहरीर दी.
इसके बाद पुलिस हरकत में आई और पूछताछ व विवेचना का काम शुरू कर दिया. सूत्रों के अनुसार उक्त भूमाफिया ने पहले भी एक दूसरे पत्रकार अनिल उपध्याय की जमीन हड़पने का प्रयास किया था जिसमें उसकी गिरफ्तारी न होने पर स्थानीय पत्रकारों ने धरना दिया था. उसके बाद आनन फानन में वो भूमाफिया गिरफ्तार हुआ. आजकल वह जमानत पर रिहा है और फिर खुलेआम सड़क पर बन्दूक लेकर बवाल काट रहा है.






