मुम्बई : अंग्रेजी दैनिक मिड डे से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार ज्योतिर्मय डे की पिछले वर्ष जून में हुई हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार महिला पत्रकार जिग्ना वोरा के खिलाफ पुलिस ने आरोप पत्र दाखिल कर दिया है. मुंबई क्राइम ब्रांच ने मकोका कोर्ट में वोरा के खिलाफ पूरक चार्जशीट दाखिल की. जिग्ना के ऊपर आईपीसी की 302, 34, 301, 120 (बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है. इस मामले की अगली सुनवाई 12 मार्च को होगी.
उल्लेखनीय है कि जिग्ना मुम्बई के अंग्रेजी अखबार एशियन एज में उप ब्यूरो प्रमुख के तौर पर कार्यरत थी. उसे 'मिड-डे' के सम्पादक (विशेष खोज) जेडे की पिछले वर्ष 11 जून को हुई हत्या के सिलसिले में गत 25 नवम्बर को गिरफ्तार किया गया था. मुम्बई पुलिस ने पिछले वर्ष दिसम्बर में इस मामले से जुड़े 12 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था, जिसमें जिग्ना वोरा का नाम नहीं जोड़ा गया था.
महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून (मकोका) की विशेष अदालत में दाखिल 3,055 पृष्ठों के आरोपपत्र में डे की हत्या में शामिल 10 लोगों की भूमिका का विस्तृत ब्योरा दिया गया था. आरोप पत्र में माफिया डॉन छोटा राजन के नाम भी दर्ज है. पुलिस ने हालांकि उल्लेख किया है कि राजन तथा एक अन्य आरोपी नयन सिंह का अभी तक सुराग नहीं लगा है. दोनों भगोड़ा घोषित किए गए हैं. पुलिस के अनुसार जिग्ना ने कथित तौर पर डे का मोबाइल नंबर, गाड़ी का नम्बर और उनके आवास का पता राजन को मुहैया कराया था.






