काफी दिनों से गुमनामी के अँधेरे में रह रही कॉर्पोरेट दलाल नीरा राडिया की वापसी हो गयी है. टू-जी स्पेक्ट्रम घोटाले के समय से चर्चित नीरा राडिया अब सहारा ग्रुप को सहारा देने आ गई है. अब मामला चूँकि सहारा ग्रुप से जुड़ा है तो जाहिर है विवाद तो होना ही था. ताजा मामला न्यू दिल्ली म्युनिस्पल कारपोरेशन (एनडीएमसी) के तहत संचालित ताज मानसिंह होटल के लीज सम्बंधित मामले का है. सहारा ग्रुप अब इस लीज को लेकर उत्साहित है और अपने इस काम को अंजाम तक पहुँचाने के लिए सहारा ग्रुप ने नीरा राडिया की मदद लेने को सोची है.
ज्ञात हो कि ताज मानसिंह होटल का लीज अभी टाटा ग्रुप के स्वामित्व वाली कंपनी इंडियन होटल्स लिमिटेड के पास है, जो पिछले 29 साल से इस होटल को संचालित कर रही है और जल्द ही इसका पट्टा समाप्त होने वाला है. हालाँकि सबसे मजेदार बात यह है कि टाटा ग्रुप के स्वामित्व वाली कंपनी इंडियन होटल्स भी इस लीज़ को रिन्यू करना चाहती है. अब सवाल यह कि आखिर ऐसी कौन सी मजबूरी हो गयी जो नीरा राडिया ने अपना पाला बदलते हुए सहारा ग्रुप को मदद करने की ठान ली है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इस लीज़ प्रकरण में कौन बाजी मारता है?
लेखक अनंत झा युवा पत्रकार हैं.






