महुआ न्यूज में ये क्या होने लगा है? लग रहा है कि कंपनी की आंतरिक परेशानियां यहां के वरिष्ठों के व्यवहार से शिष्टाचार भी खतम करती जा रही है. चैनल में बुलाए गए मेहमानों के साथ बदसलूकी, बदतमीजी की जाने लगी है. उसे उठवाकर बाहर फिकवाया जाने लगा है. अब ऐसे में अब कौन इस चैनल में मेहमान बनकर जाना चाहेगा? इस बार भी बदतमीजी करने में शामिल रहे चैनल के सीईओ भूपेंद्र नारायण सिंह भूप्पी. अब आइए आपको विस्तार से बताते हैं पूरा घटनाक्रम.
महुआ के गेस्ट कोआर्डिनेटर ने वरिष्ठ पत्रकार अनंत मित्तल को चुनाव परिचर्चा के एक कार्यक्रम में मेहमान बनाकर बुलाया था. अनंत मित्तल इसके पहले भी दर्जनों बार महुआ न्यूज में गेस्ट बच चुके थे. बताया जा रहा है कि अनंत मित्तल गेस्ट कोआर्डिनेटर से अपने पहले के कार्यक्रमों की सीडी मांगी. इसके पहले भी वे कई बार गेस्ट कोआर्डिनेटर से कार्यक्रम की सीडी मांग चुके थे. गेस्ट कोआर्डिनेटर ने सीडी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया, जिस पर अनंत मित्तल ने कहा कि भाई ये तो सही नहीं है. आप कई बार वादा कर चुके हो पर अब तक एक भी सीडी नहीं मिली, ये तो धोखाधड़ी वाली बात है. आप को स्पष्ट बताना चाहिए कि सीडी देनी है, नहीं देनी है. बात खतम हो जाएगी.
बताया जा रहा है कि वहीं पास में चैनल के सीईओ भूपेंद्र नारायण सिंह भी बैठे हुए थे. उन्होंने पूछा क्या बात है. अनंत मित्तल ने कहा कि वादा करके सीडी नहीं दिया जा रहा हैं. इसके बाद भूपेंद्र ने कहा कि आप इस तरह से बात नहीं कर सकते हैं. मेरे स्टाफ को बोलने की जरूरत नहीं है. यहां लड़कियां भी बैठी हैं और इस तरह ऊंची आवाज में बात कर रहे हैं. गालियां दे रहे हैं. इस पर अनंत मित्तल ने कहा कि मैं तो ठीक से बोल रहा हूं, ऊंची आवाज में तो आप बात कर रहे हैं. भूप्पी ने अपने लोगों को आवाज देते हुए कहा कि लेकर जाओ इसको, पता नहीं कैसे-कैसे आदमी को लेकर चले आते हैं. इस पर अनंत मित्तल ने कहा कि एक मेहमान से इस तरह बात करना उचित नहीं है. क्या कोई अपने मेहमान से इस तरह बात करता है.
बताया जा रहा है कि इसके बाद भूप्पी और अधिक आक्रामक हो गए. उन्होंने धर्मेंद्र एवं एक अन्य लड़के को बुलाकर कहा कि इसे उठाकर बाहर फेंको. भूप्पी के कहने के बाद धर्मेंद्र तथा एक अन्य अनंत मित्तल की तरफ मारपीट करने वाले अंदाज में बढ़े. जिस पर अनंत ने भी कहा कि आप इस तरीके से बात नहीं कर सकते. आप उठाकर फिंकवा दो. पर अब मैं यहां से इस तरह बेइज्जत होकर जाने वाला नहीं हूं. बताया जा रहा है कि इस दौरान विवाद काफी बढ़ गया. भूप्पी तथा अनंत मित्तल दोनों लोग गुस्से में आ गए. इस बीच उमेश चतुर्वेदी भी वहां पहुंच गए तथा उन्होंने किसी तरह मामले को सलटाया. अनंत मित्तल महुआ की गाड़ी से भी जाने को तैयार ना थे, परन्तु उमेश चतुर्वेदी के समझाने पर वे वापस गए.
किसी चैनल मैनेजमेंट का एक मेहमान के साथ इस तरह की घटना की यह शायद पहली मिसाल होगी. कम से कम भारतीय संस्कृति में मेहमानों का अनादर करने की प्रथा कभी नहीं रही है. पर जिस तरह महुआ न्यूज में मेहमान को बेइज्जत करने की घटना घटित हुई वह पत्रकारिता और नैतिकता दोनों के ही खिलाफ है. पत्रकारिता में इस तरह की गुंडई की कोई जगह नहीं है.
इस संदर्भ में भूपेंद्र नारायण सिंह भूप्पी से बात करने की कोशिश की गई परन्तु उनका मोबाइल नहीं लगा. इस बारे में जब महुआ ग्रुप के चैनल हेड राणा यशवंत से बात की गई तो उन्होंने इस खबर को हजार फीसदी गलत करार देते हुए कहा कि यह सब खबरें पता नहीं कहां से आ रही हैं. यह सब चैनल को बदनाम करने की साजिश है. अनंत मित्तल से जब घटना के संदर्भ में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मैं खुद इस व्यवहार से चकित हूं कि कोई अपने मेहमान के साथ ऐसा भी कर सकता है. इससे दुखी भी हूं. इस विवाद को बढ़ाना नहीं चाहता था, पर जब बातें सामने आ रही हैं तो सही कहूंगा कि यह पत्रकारिता के लिहाज से ठीक नहीं था.





