नई दिल्ली : नई साज-सज्जा और कलेवर वाली जागरण डॉट कॉम की औपचारिक शुरुआत भी एक नए अंदाज में मंगलवार को वसंतकुंज स्थित एंबियंस मॉल के अंडरडॉग्स स्पोर्ट्स बार एंड ग्रिल में हुई। गीत-संगीत के बीच निदेशक शैलेश गुप्त, भरत गुप्त, ध्रुव गुप्त की मौजूदगी में दैनिक जागरण के संपादक एवं सीईओ संजय गुप्त ने केक काटकर जागरण डॉट कॉम के रूप में डिजिटल जागरण का नया अवतार पेश किया।
एमएमआई की सीईओ सुकीर्ति गुप्ता ने बताया कि अब अपनी पसंद की खबरों को चुनने के लिए बस एक क्लिक की जरूरत है, जिसमें राज्य से संबंधित समाचार, राष्ट्रीय खबरें, मनोरंजन, खेल की खबरें शामिल हैं। लाइफस्टाइल पेज को नए अंदाज में पेश किया गया है, जिसमें वीडियो गैलरी, फोटो गैलरी, शख्सियत, पर्व-त्योहार, बच्चों का कोना, खाना खजाना, फैशन, घर संसार, ज्ञानकोष, साहित्य, पर्यटन और सेहत शामिल हैं। जागरण वीडियो में लाइव क्रिकेट, मनोरंजन, समाचार, ज्योतिष, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं खेल के वीडियो देखे जा सकते हैं। जागरण डॉट कॉम पर जोश, यात्रा, मिड डे, आई नेक्स्ट, सिटी प्लस, जागरण पोस्ट भी देखे जा सकते हैं। जागरण डॉट कॉम पर जहां हर दिन का राशिफल रहेगा वहीं पंचाग भी मिलेगा।
जागरण डॉट कॉम के कंटेट हेड शेखर त्रिपाठी ने भविष्य की योजनाओं और चुनौतियों पर चर्चा की। समारोह में एमएमआई के प्रोडक्ट हेड गौरव शर्मा, प्रोडक्ट मैनेजर ध्रुव पबी सहित जागरण प्रकाशन लिमिटेड के वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद थे। गौरतलब है कि जागरण डॉट कॉम की वेबसाइट की शुरुआत महीनों पहले की जा चुकी थी तथा यह लोगों को पढ़ने के लिए उपलब्ध भी था, पर उसकी औपचारिक लांचिंग नहीं की गई थी। इनपुट : जागरण





