मोहाली : अदालत में बुधवार को पेशी के लिए आए हत्यारोपी ने एक प्रेस फोटोग्राफर पर हमला करके उसका कैमरा तोड़ दिया तथा दूसरे प्रेस फोटोग्राफर को जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद अदालत में हड़कंप मच गया, जबकि हत्यारोपी को लेकर आई पुलिस चुपचाप तमाशा देखती रही। उसने हमले के दौरान हत्यारोपियों को पकड़ने की भी कोशिश नहीं की। दोनों प्रेस फोटोग्राफरों ने हमलावर के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है।
पुलिस को दी शिकायत में प्रेस फोटोग्राफरों ने कहा कि गत दिवस सेक्टर-70 में हुए हवाई फायर के आरोपी शमशेर पुरखालवी तथा उसके पुत्र को अदालत में पेश किया जाना था, जिसकी कवरेज के लिए वे अदालत में पहुंचे थे। वे लोग जैसे ही अदालत परिसर में दाखिल हुए, तो गांव मनौली के बाबा हरचरण दास की हत्या का आरोपी उन्हें देखकर आग बबूला हो गया और धमकाने लगा। उसने धमकी भरे अंदाज में कहा कि तुमने पहले भी फोटो खींची थी, अब मैं तुम लोगों को नहीं छोडूंगा। इतना कहने के बाद वह पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में एक प्रेस फोटोग्राफर पर हमला करते हुए उसका कैमरा तोड़ दिया तथा दूसरे को जान से मारने की धमकी दी। प्रेस फोटोग्राफरों ने अपनी शिकायत में कहा है कि हमलावर बहुत ही खतरनाक अपराधी है तथा वह उनको व उनके परिवार को नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए उनकी सुरक्षा की जानी जरूरी है तथा आरोपी को कानूनी सजा दिलवाई जाए। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।





