एचएमवीएल ने हिंदुस्तान के मुरादाबाद संस्करण की लांचिंग कर दी. यह यूपी में हिंदुस्तान का दसवां तथा देश का 18वां संस्करण है. दिल्ली रोड स्थिति मधुरम हेरिटेज के मैदान में अखबार का लांचिंग समारोह हुआ. अखबार की लांचिंग किसी नेता या नामचीन व्यक्ति से नहीं कराया गया बल्कि हर बार की तरह इस बार भी कई क्षेत्रों में अव्वल एवं मेघावी छात्र अवनीश कुमार, शिवम वार्ष्णेय, मयंक कुमार, रूचिका, नैंसी व हर्षित ने अखबार की लांचिंग की.
एचएमवीएल के एक्जीक्यूटिव डाइरेक्टर विनॉय राय चौधरी, सीईओ अमित चोपड़ा, प्रधान संपादक शशि शेखर, स्थानीय संपादक मनीष मिश्र की मौजूदगी में दीप जलाकर छात्र-छात्राओं ने अखबार को लांच किया. मुरादाबाद एडिशन की लांचिंग एक लाख दस हजार कापियों के साथ की गई है. विनॉय राय चौधरी ने कंपनी की उपलब्धियों की जानकारी दी. प्रधान संपादक शशि शेखर ने कहा कि मुरादाबाद से मेरा पुराना रिश्ता रहा है. हिंदुस्तान के साथ यहां बदलाव की शुरुआत हो रही है और इस बदलाव के लिए हमें आप लोगों का साथ चाहिए होगा.
सीईओ अमित चोपड़ा का कहना है कि हम लोगों ने 2005 में विस्तार की जो बयार शुरू की थी वह अब यूपी और उत्तराखंड में लगभग पूरी हो चुकी है. अब हम लोग आर्थिक और सांस्कृतिक रूप से धनी एरिया के पाठकों के सामने मौजूद होंगे. हिन्दुस्तान पाठकों की उम्मीदों पर खरा उतरेगा. अतिथियों का स्वागत करते हुए संपादकीय प्रभारी मनीष मिश्र ने कहा कि मुरादाबाद संस्करण के प्रकाशन से पहले शहर की जरूरतों को हिन्दुस्तान ने जाना-समझा है. मुरादाबाद के विकास के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं, इस पर मंथन भी किया गया है और हम इस पर पूरी तरह खरा उतरने की कोशिश करेंगे.
मुरादाबाद यूनिट के हेड योगेंद्र सिंह ने सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हिंदुस्तान सभी लोगों का साथी, हमसफर साबित होगा. हम यहां के लोगों की अपनी आवाज बनकर दिखाएंगे. इस मौके पर हिन्दुस्तान के एक्जीक्यूटिव एडिटर सुधांशु श्रीवास्तव, वरिष्ठ स्थानीय संपादक केके उपाध्याय, नेशनल सेल्स हेड विजय सिंह, पश्चिमी यूपी के बिजनेस हेड अजय अरोड़ा, बरेली यूनिट के महाप्रबंधन सम्राट नायक, बरेली के संपादक आशीष व्यास समेत कई लोग मौजूद रहे.





