जीएन ग्रुप से खबर है कि इस ग्रुप के चैनल जीएनएन में जगजीत सिंह ने जनरल मैनेजर के पद पर ज्वाइन किया है. बताया जा रहा है कि जगजीत सिंह को चैनल को परेशानियों से निकालने के लिए लाया गया है. चैनल ट्रेनियों के सहारे संचालित हो रहा है. सीईओ राघवेश अस्थाना, एचआर हेड वेंकट शर्मा तथा चैनल हेड अमिताभ भट्टाचार्या के छोड़ जाने के बाद कोई भी वरिष्ठ पत्रकार इस चैनल से नहीं जुड़ा. बताया जा रहा है कि चिटफंडियों के इस चैनल से सीनियर पत्रकार जुड़ने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं.
बताया जा रहा है कि जगजीत सिंह को इसलिए लाया गया है ताकि वे चैनल को पटरी पर ला सकें. खबर है कि जीएन ग्रुप का प्रबंधन जीएन गोल्ड पर छापेमारी से परेशान है. बताया जा रहा है कि चिटफंडिया कंपनी जीएन गोल्ड के कई ठिकानों पर छापेमारी की गई है. जीएन ग्रुप से जुड़े लोग इसकी पुष्टि तो करते हैं, पर छापे के बारे में कुछ भी बताने से इनकार कर दे रहे हैं. उल्लेखनीय है कि जीएन गोल्ड पर पिछले साल दिसम्बर में भी चित्तौड़गढ़ में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था.
पुलिस ने जीएन गोल्ड के खिलाफ आईपीसी की धारा 406, 420 व इनामी चिट व धन परिचालन स्कीम (पाबंदी) अधिनियम 1978 की धारा 3, 4, 5 व 6 के तहत मामला दर्ज किया था. पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया था. बताया जा रहा है कि राजस्थान और देश भर में चलाए जा रहे चिटफंडियों के खिलाफ अभियान के तहत यह छापेमारी की गई है. इसके चलते ही कंपनी में हड़कम्प मचा हुआ है. चैनल भी बुरे दौर से गुजर रहा है. बताया जा रहा है कि इसी पूरे मामले को ठीक से सेट करने के लिए जगजीत सिंह को लाया गया है.





