वाराणसी। बनारस के वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मीनाथ संड का सोमवार की रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया. वह 69 साल के थे. 24 फरवरी को संड को सीने में तकलीफ के बाद अलईपुर स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था. तबीयत में कुछ सुधार होने के बाद उन्हें अगले दिन घर वापस लाया गया था. रविवार की रात फिर से उन्हें दिल का दौरा पड़ा. अभी लोग उन्हें इलाज के लिए ले जाने की तैयारी ही कर रहे थे कि उनका निधन हो गया.
संड अपने पीछे पत्नी और एक बेटी और दो बेटों का भरापूरा परिवार छोड़ गए हैं. उनका अंतिम संस्कार सोमवार को मणिकर्णिका घाट पर किया गया. उनको मुखाग्नि बड़े बेटे रवींद्र ने दी. संड की इच्छा के अनुसार उनके आंखों को दान कर दिया गया. 1962 में दैनिक आज से पत्रकारिता शुरू करने वाले संड लम्बे समय तक इस अखबार से जुड़े रहे. जब बनारस में दैनिक जागरण ने कदम रखा तो संड इस अखबार से जुड़ गए और 2001 में रिटायरमेंट तक इसी अखबार से जुड़े रहे.





