पता नहीं आज कल के पत्रकारों को क्या हो गया है। खबरों पर पूरा काम नहीं करते हैं। कल हुए सड़क हादसे में मरने वाली फरदीन खान की मौसी हैं या बहन? इसको लेकर आम पाठक कन्फ्यूज है। कोई अख़बार फरदीन की मौसी बता रहा है तो कोई बहन। विश्व का सबसे अधिक पढ़ा जाने वाला हिंदी अख़बार दैनिक जागरण इस खबर में मृतका को फरदीन खान की बहन बता रहा है, जबकि हिंदुस्तान और दैनिक भास्कर उसे फरदीन की मौसी बता रहे हैं। वहीं नवभारत टाइम्स भी उसे बहन बता रहा है। अब पाठक किस पर यकीन करे, उसे समझ में नहीं आ रहा है।
नीचे जागरण और दैनिक भास्कर में प्रकाशित खबरों के कुछ अंश:
हादसे में फरदीन खान की बहन की मौत
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता : राजधानी में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार देर रात दक्षिण दिल्ली के अगस्त क्रांति मार्ग पर तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने होंडा सिटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। कारों की भिड़ंत से होंडा सिटी (आगे की कार) में सवार सोनिया सेठिया व स्विफ्ट डिजायर (पीछे की कार) को चला रहे मोहन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मोहन कुमार के बेटे अजय व होंडा सिटी में बैठे दो चालक घायल हो गए। तीनों को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। अजय की हालत गंभीर बनी हुई है। सोनिया सेठिया फिल्म अभिनेता फरदीन खान की बहन थीं।
दो कारों की टक्कर में अभिनेता फरदीन खान की मौसी की मौत
नई दिल्ली. भास्कर : रविवार रात दक्षिण दिल्ली के अगस्त क्रांति मार्ग पर सिरी फोर्ट ऑडिटोरियम के पास दो कारों की टक्कर में बॉलीवुड फिल्म स्टार फरदीन खान की मौसी व एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई।
एक पत्रकार द्वारा भेजे गए पत्र पर आधारित.





