सहारा मीडिया के मीडिया हेड पद से स्वतंत्र मिश्रा की विदाई हो गई है. तमाम तरह के विवादों, आरोपों से घिरे रहे स्वतंत्र मिश्रा की जगह वंदना भार्गव को चार्ज दिया गया है. इस तरह से उपेंद्र राय को फ्रंट फुट पर फिर खेलने की संभावनाओं का फिलहाल अंत हो गया है. इस बड़े बदलाव के बारे में सहारा में आदेश जारी हो चुका है और महत्वपूर्ण सेंटरों पर चस्पा कर दिया गया है. स्वतंत्र मिश्रा सहारा मीडिया में बने रहेंगे लेकिन निर्णय लेने का सारा काम उनसे छीन लिया गया है.
पिछले कुछ महीनों से ये कयास लगाया जाने लगा था कि स्वतंत्र मिश्रा मीडिया हेड के पद से जा सकते हैं. हथियारों की तस्करी से लेकर करोड़ों की प्रापर्टी बनाने तक का प्रकरण सामने आने के बाद स्वतंत्र मिश्रा की छवि एक विवादास्पद व्यक्ति की बन गई थी. बताया जाता है कि ताजे फेरबदल के तहत स्वतंत्र मिश्रा का पर कतरते हुए उन्हें अब एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर वंदना भार्गव को रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है. अभी तक स्वतंत्र मिश्रा सीधे सहाराश्री सुब्रत राय को रिपोर्ट कर रहे थे. वंदना भागर्व सहारा के लखनऊ मुख्यालय में बैठती हैं और आंतरिक विंग एमसीसी को हेड करती हैं. एमसीसी सहारा के सभी वेंचर की कंट्रोलिंग शाखा के तौर पर काम करता है, जिसमें मीडिया भी शामिल है. ताजे फेरबदल के बाद एक तरह से मीडिया का सारा काम सीधे वंदना भार्गव के कंट्रोल में कर दिया गया है.
सहारा में मैनेजमेंट के जो शीर्ष पद हैं उसमें सबसे पहले आता है बोर्ड ऑफ डायरेक्टर जिसमें सहाराश्री सुब्रत राय, उनकी पत्नी, भाई और ओपी श्रीवास्तव शामिल हैं. उसके बाद एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर वर्कर आते हैं जिनमें सहारा श्री के दोनों बेटे सीमांतो रॉय व सुशांतो राय के अलावा रविशंकर, रोमी दत्त, विवेक कुमार, एके श्रीवास्तव, डीके श्रीवास्तव, अनुपम प्रकाश, एआर चौधरी व वंदना भार्गव हैं.





