हाल में लांच हुए कन्नड न्यूज चैनल पब्लिक टीवी के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक एचआर रंगनाथ ने अपनी सम्पत्ति की चैनल पर लाइव घोषणा करके तमाम संपादकों और बड़े पत्रकारों पर सवाल खड़ा कर दिया है. रंगनाथ की पहल ने तमाम वरिष्ठ पत्रकारों पर भी अपनी सम्पत्ति घोषणा करने का नैतिक दबाव बना दिया है. पब्लिक टीवी के एक लाइव प्रोग्राम में रंगनाथ के साथ बैठे उनके टैक्स कंसलटेंट विजय राजेश ने उनकी सम्पत्तियों की सूची पढ़ी.
न्यू इंडियन एक्सप्रेस के पूर्व संपादक और दैनिक कन्नड़ प्रभा के मालिक रंगनाथ तथा सुवर्ण न्यूज चैनल के राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि वे हर साल अपनी सम्पत्तियों तथा देनदारियों की सूचना अपने प्रोपराइटर्स को उपलब्ध कराते रहे हैं, लेकिन अब वे अपनी सम्पत्ति तथा देनदारियों की सूची सार्वजनिक कर रहे हैं. रंगनाथ ने कहा कि अगर घोषित किए गए सूची से कुछ भी ज्यादा निकलता है तो उस सम्पत्ति को नीलाम या उसका सार्वजनिक इस्तेमाल किया जा सकता है.
रंगनाथ के कंसलटेंट विजय राजेश द्वारा एचआर रंगनाथ की घोषित की गई सम्पत्तियों का विवरण :
– रंगनाथ की मां द्वारा उपहार में दिया गया अरकालगुड (हसन) में स्थित चार गुंटा जमीन।
– वर्ष 1991-92 में मैसूर में 13,980 वर्ग फीट का एक प्लाट लिया।
– वर्ष 2002-03 में बंगलुरू में 30×40 एरिया में मकान बनवाया।
– वर्ष 2005 में लोन पर हुंडई एसेंट कार खरीदा।
– वर्ष 2009 में एक होंडा एक्टिवा स्कूटर लिया।
– वर्ष 2011 में 1975 माडल की एक सेकेंड हैंड जीप खरीदा।
– मांइडट्री में 11000, रिलाइंस इंडस्ट्री में 12 और कैरान में 15 शेयर हैं।
– पत्नी के पास कुल 250 ग्राम सोना है जिसमें 100 ग्राम शादी के समय गिफ्ट मिला था और बाकी पिछले बीस वर्षों में खरीदा गया है।





