पश्चिम बंगाल में एक बांग्ला चैनल को तृणमूल कार्यर्ताओं द्वारा पीटे जाने को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सुनियोजित साजिश करार देते हुए टीआरपी के लिए रचा गया खेल करार दिया. सुश्री बनर्जी ने कहा कि यह सारा खेल सरकार और उनके कार्यकर्ताओं को बदनाम करने के लिए रचा गया है. उल्लेखनीय है कि एक चैनल के पत्रकार पार्थ प्रतिम घोष ने आरोप लगाया था कि एक समाचार कवरेज के दौरान तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उनपर हमला किया तथा पीटा.
दूसरी तरह पश्चिम बंगाल के ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर जावेद शमीम ने स्वीकार किया है कि इस संबंध में तीन मामले दर्ज किए गए हैं. शमीम के अनुसार एक बंगाली दैनिक के दो फोटोग्राफरों और चैनल रिपोर्टर को पिटाई से चोटें आई हैं. चैनल पत्रकार घोष ने बताया कि उन पर यह हमला जावदपुर एरिया में उस समय किया गया जब वे तृणमूल कार्यकर्ताओं द्वारा कम्युनिस्ट पार्टी (माले) के स्थानीय कार्यालय पर कब्जा करने की वीडियो बना रहे थे. यह कार्यालय पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य का मुख्य चुनाव कार्यालय भी रहा है. घोष के अनुसार उनकी अपील के बावजूद तृणमूल कार्यकर्ता उन्हें पीटने लगे. विपक्ष ने इस घटना की कड़ी आलोचना करते हुए इस फासीवादी तथा लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ पर हमला बताया है.






