उत्तर प्रदेश पुलिस एसोसिएशन के संस्थापक सुबोध यादव ने प्रमुख गृह सचिव को पत्र लिखकर रुल्स एवं मैनुअल्स में कार्यरत आईपीएस राहुल अस्थाना द्वारा एसआईएम जयप्रकाश कन्नौजिया को गाली देने के मामले की शिकायत की है. सुबोध यादव ने कहा कि जिस तरह का व्यवहार अधिकारी अपने कनिष्ठों के साथ कर रहे हैं वह घोर निंदनीय है. ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कभी भी कार्रवाई नहीं की गई.
सुबोध यादव ने कहा है कि लखनऊ के अलावा हाथरस में भी एक अधिकारी ने एक पुलिसकर्मी पर थप्पड़ चला दिया, जिसमें आक्रोशित पुलिसकर्मियों ने अपमान का बदला अपमान से लिया. उन्होंने कहा है कि इस तरह की घटनाओं से पुलिसकर्मियों में रोष है. उन्होंने इन घटनाओं के विरोध में सभी पुलिसकर्मियों से चार मार्च को उपवास रखने की अपील की है.







