रवीन ठुकराल ने कुछ ही महीने में द ट्रिब्यून को गुड बॉय बोल दिया है. वे फिर वहीं लौट आए हैं जहां से छोड़कर गए थे. अबकी वे ज्यादा बड़े ओहदे व ज्यादा बढ़ी हुई जिम्मेदारियों को स्वीकारने आ रहे हैं. कांग्रेसी नेता विनोद शर्मा के अखबार आज समाज और चैनल इंडिया न्यूज के एडिटर इन चीफ बनकर रवीन ठुकराल लौट रहे हैं. वे कल यानि शनिवार को दिन में दस बजे अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे. द ट्रिब्यून से इस्तीफा देने के कारण उन्हें तीन महीने की सेलरी द ट्रिब्यून को चुकाना पड़ा है क्योंकि सेवाशर्तों के मुताबिक वे तीन महीने की नोटिस देंगे या फिर तीन महीने की सेलरी जमा करेंगे. जल्दबाजी में वापसी करने के कारण उन्होंने तीन महीने की सेलरी जमा करना उचित समझा.
उधर, रवीन ठुकराल की वापसी के बाद आज समाज के प्रधान संपादक राहुल देव की विदाई लगभग तय हो गई है. प्रबंधन ने उन्हें पहले ही गुडबाय बोल दिया था. राहुल देव अपनी तरफ से कुछ भी कहने से इनकार कर रहे हैं. पर रवीन ठुकराल के आज समाज और इंडिया न्यूज दोनों के एडिटर इन चीफ बनकर वापस आने से यह माना जा रहा है कि राहुल देव खुद ब खुद आफिस आना बंद कर देंगे क्योंकि वे रवीन ठुकराल के अधीन रहकर काम करना स्वीकार नहीं करेंगे. सूत्रों के मुताबिक पंजाब में कांग्रेस और कैप्टन अमरिंदर की वापसी की संभावनाओं को देखते हुए रवीन ठुकराल की वापसी कराई गई है. रवीन ठुकराल के कैप्टन अमरिंदर से अच्छे रिश्ते बताए जाते हैं. यह भी कहा जा रहा है कि पंजाब में कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद आज समाज और इंडिया न्यूज का पंजाब एडिशन लांच किया जाएगा.





