: नवीन ने चैनल को अलविदा कहा : धर्मशाला के कांगड़ा में अपनी फिल्म प्रोजेक्ट-36 की शूटिंग कर रहे बॉलीवुड निर्देशक कबीर सदानंद ने स्टार न्यूज के रिपोर्टर का कैमरा तोड़ दिया तथा तहसीलदार से भी उलझ पड़े. यह घटना सार्वजनिक स्थानों पर सिगरेट पीने से मना करने के बाद हुई. पत्रकार ने थाने में शिकायत दर्ज करा दी वहीं तहसीलदार ने सिगरेट पीने पर चालान काटा. हालांकि बाद में मामला आपस में सुलझा लिया गया.
कबीर संदानंद पालमपुर बस स्टैण्ड पर अपने फिल्म की शूटिंग कर रहे थे. शूटिंग स्थल पर ही उनकी टीम के कई सदस्यों ने सार्वजनिक रूप से सिगरेट पीनी शुरू कर दी. इसी दौरान मौके पर पहुंचे तहसीलदार पालमपुर राजीव ठाकुर ने फिल्म यूनिट के लोगों को मना किया तथा कहा कि कम से कम सार्वजनिक स्थान पर आप लोग सिगरेट ना पिएं. इस पर यूनिट के लोग तहसीलदार से उलझ गए. इसी दौरान नायब तहसीलदार भी मौके पर पहुंच गए. निर्देशक और उनकी टीम के लोग इन लोगों से भी उलझ गए. निर्देशक कबीर ने धमकी भरे अंदाज में कहा आपको जो करना हो कर लें.
इस बहसबाजी को वहां पर मौजूद स्टार न्यूज के रिपोर्टर नवीन पठानिया अपने कैमरे में रिकार्ड कर रहे थे. इसे देख फिल्म निर्देशक कबीर ने नवीन के कैमरा पर जोर हाथ दे मारा, जिससे कैमरा टूट गया. इसकी शिकायत नवीन ने पुलिस से की पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया. बताया जा रहा है कि बाद में कबीर थाने पहुंचे तथा कैमरा का हर्जाना देने की हामी भरी तथा माफी मांगा, जिसके बाद यह मामला सुलट गया. वहीं तहसीलदार राजीव ठाकुर ने सिगरेट पीने के लिए फिल्म यूनिट के सदस्यों का चालान काटा.
बताया जा रहा है कि इस मामले जब नवीन ने पूरी घटना की जानकारी अपने वरिष्ठों को दी तो उन्होंने नवीन का पक्ष लेने की बजाय शूटिंग वालों के पक्ष की ही बातें कीं. इससे नवीन काफी आहत हुए तथा अपना इस्तीफा चैनल प्रबंधन के पास भेज दिया. उल्लेखनीय है कि वे पिछले पांच सालों से स्टार न्यूज से जुड़े हुए थे तथा कई बड़ी-बड़ी खबरें ब्रेक की थी. बताया जा रहा है कि नवीन पठानिया जल्द ही किसी नए नेशनल चैनल से अपनी पारी शुरू करने वाले हैं.





