नोएडा के फिल्म सिटी से जल्द ही लांच होने जा रहे चैनल 4रियल न्यूज को तगड़ा झटका लगा है. खबर है कि चैनल के डिप्टी न्यूज हेड नवीन पाण्डेय ने इस चैनल से नाता तोड़ लिया है। अब वे इंडिया टीवी को सीनियर एडिटर के तौर पर अपनी सेवाएं देंगे। रियल न्यूज का दावा है कि वो पूरी तरह एचडी तकनीक के साथ लांच हो रहा है, इसलिए लांचिंग में ज्यादा वक्त लग रहा है। इस चैनल में शुरू से नवीन पाण्डेय ही न्यूज़ सेक्शन की जिम्मेदारी निभा रहे थे।
प्रिन्ट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में कई वरिष्ठ पदों पर रह चुके नवीन पाण्डेय ने 1995 में दैनिक जागरण, कानपुर के साथ अपने कैरियर की शुरुआत की थी। उसके बाद वे अमर उजाला, मेरठ होते हुए अमर उजाला जालंधर की लांचिंग टीम का हिस्सा बने और सिटी डेस्क इंचार्ज के तौर पर तीन साल तक काम किया। 2002 में सहारा समय के साथ इलेक्ट्रानिक मीडिया में आए और 2009 में पी-7 न्यूज़ की लांचिंग टीम में अहम भूमिका निभाई। पी-7 के बाद वे ओमेगा ब्राडकास्टिंग ग्रुप के चैनल 4रियल न्यूज में डिप्टी हेड बनकर आए थे, लेकिन लांचिंग से पहले ही इंडिया टीवी चले गए। रियल न्यूज अब नए सिरे से हेड की तलाश कर रहा है।





