आईआरएस के नवीनतम दौर (क्यू4) के मुताबिक पिछले 12 महीने (आईआरएस क्यू4-2010 की तुलना में) में हिन्दुस्तान दैनिक के पाठकों की संख्या में 29.66 लाख पाठकों (कुल पाठक संख्या) की वृद्धि दर्ज हुई है। इस वृद्धि के साथ हिन्दुस्तान मीडिया वेंचर्स लिमिटेड द्वारा प्रकाशित आपके पसंदीदा समाचारपत्र हिन्दुस्तान के कुल 3.81 करोड़ पाठक हो गए हैं और अखबार ने देशभर में सभी अखबारों में दूसरे सबसे बड़े हिन्दी दैनिक के रूप में अपनी स्थिति और भी पुख्ता की है। गौरव की बात है कि पिछले 4 वर्ष में इस सर्वे के हर दौर में अकेले हिन्दुस्तान ने ही वृद्धि दर्ज कराई है।
हिन्दुस्तान की दैनिक रीडरशिप जो आईआरएस में एवरेज इश्यू रीडरशिप के रूप में दर्ज होती है, 1.2 करोड़ हो गई है। यहां यह भी गौर की जाने वाली बात है कि अकेले हिन्दुस्तान के बूते इन 12 महीनों में कुल हिन्दी पाठक संख्या में 40.55 लाख पाठकों (कुल पाठक संख्या) की बढ़ोतरी हुई। इसके साथ ही यह 23.99 लाख पाठक संख्या के साथ दिल्ली-एनसीआर के बाजार में दूसरा सबसे बड़ा हिन्दी दैनिक है। हिन्दुस्तान का सबसे बढ़िया प्रदर्शन उत्तर प्रदेश (12 प्रतिशत) में रहा जहां इसके 1.44 करोड़ कुल पाठक हैं जो उत्तर प्रदेश की कुल पाठक संख्या का 33 प्रतिशत हिस्सा है।
एचएमवीएल के सीईओ अमित चोपड़ा ने कहा कि ‘हम आईआरएस के पिछले दो दौर से निराश थे। हालांकि परिणाम तो ब्रांड की बढ़ोतरी को दर्शा रहे थे लेकिन आईआरएस सर्वे के वृद्धि के आंकड़े जमीनी हकीकत को पूरी तरह से नहीं दिखा पाए। हम यूपी में अपने ब्रांड की पकड़ मजबूत बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। उदाहरण के लिए यूपी विधानसभा चुनाव में हिन्दुस्तान के ‘आओ राजनीति करें’ अभियान ने काफी बड़ा असर दिखाया। हमें उम्मीद है कि अगले कुछ दौर में आईआरएस के नतीजों में सुधार होगा और वह ब्रांड की सही स्थिति को दिखाएगा।’ साभार : हिंदुस्तान





