बीजिंग। चीन में चालू वर्ष की तीसरी तिमाही में इंटरनेट विज्ञापन का बाजार 13.8 अरब युआन (दो अरब डॉलर) पहुंच गया। यह जानकारी गुरुवार को जारी रिपोर्ट में दी गई। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक इस तिमाही (जुलाई से सितम्बर) में चीनी इंटरनेट विज्ञापन का ढांचागत परिवर्तन हुआ है।
चीनी इंटरनेट बाजारों के लिए उत्पादों, सेवाओं और समाधानों को मुहैया कराने वाली बीजिंग आधारित प्रमुख संस्था "एनालिसिस इंटरनेशनल" द्वारा जारी किए गए आंकड़े के मुताबिक प्रति तिमाही इसमें 22.5 प्रतिशत की दर से वृद्धि हुई और वर्ष 2010 की इसी अवधि की तुलना में यह 83.1 प्रतिशत ज्यादा है।
"एनालिसिस इंटरनेशनल" में विशेषज्ञ डांग सू ने कहा कि इंटरनेट विज्ञापन के बाजार में वृद्धि अभी जारी है और इस तिमाही में इंटरनेट विज्ञापन 38.5 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी के साथ बढ़त बनाए हुए है। चीन में अभी कम्पनियों का जोर इंटरनेट विज्ञापन पर है और यही वजह है कि इसका प्रदर्शन अच्छा हो रहा है। इस तिमाही में वीडियो तथा संवादात्मक विज्ञापन सहित ब्रांड और नए तरह के विज्ञापन का चलन भी धीरे-धीरे बढ़ा है। साभार : खाख






